Connect with us

ख़बर मध्यप्रदेश

PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का किया शिलान्यास, बुंदेलखंड में खेतों और घरों तक पहुंचेगा पानी

Published

on

PM Modi: Prime Minister Modi laid the foundation stone of Ken-Betwa link project, water will reach fields and houses in Bundelkhand

Khajuraho: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खजुराहो में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में करीब तीन दशक पहले शुरू हुई केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना का शिलान्यास कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने केन-बेतवा नदी के प्रतीक कलश के माध्यम से दोनों नदियों के पवित्र जल को केन-बेतवा लिंक नेशनल प्रोजेक्ट मॉडल में प्रवाहित कर शुभकामनाएं दीं। परियोजना के आकार लेने के बाद बुंदलेखंड के सभी जिलों में पीने और खेती के साथ ही उद्योगों के लिए भरपूर पानी उपलब्ध होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने पन्ना और छतरपुर जिले के सीमावर्ती इलाके में दौधन बांध का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल, सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा समेत विधायक-सांसद मौजूद रहे। केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना के पूरा होने के बाद खेती-किसानी और पेयजल संकट का सामने करने वाले एमपी के हिस्से वाले बुंदेलखंड क्षेत्र के 10 जिलों को इस समस्या से निजात मिलेगी। यहां के ज्यादातर किसान पानी के अभाव में सिर्फ खरीफ की फसलें ही उगा पाते हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली “ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना” का लोकार्पण भी किया। पीएम मोदी ने 1153 अटल ग्राम सेवा सदन का भूमिपूजन किया और प्रथम किश्त जारी की। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्मारक डाक टिकट और ₹100 सिक्का भी जारी किया।

केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना में गांवों तक कैसे पहुंचेगा पानी

परियोजना में केन नदी पर दौधन बांध बनाया जाएगा। छतरपुर और पन्ना जिलों की सीमा पर बनने वाले इस बांध के माध्यम से पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दो सुरंग बनाई जाएंगी। एक मुख्य सुरंग के जरिए 221 किलोमीटर लंबी नहर बनाई जाएगी। यह नहर छतरपुर, झांसी, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों के गांवों से गुजरते हुए झांसी जिले में बेतवा नदी पर बने पारीछा बांध के ऊपरी क्षेत्र में केन नदी के पानी को  पहुंचाएगी। नहर के माध्यम से रास्ते में पड़ने वाले गांवों को पीने का पानी पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रेशराइज्ड पाइपलाइन के जरिए खेतों तक सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा।

Advertisement

परियोजना से एमपी के 10 और यूपी के 4 जिलों की बदलेगी तस्वीर

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आज परियोजना के शिलान्यास के साथ ही वाजपेयी का नदी जोड़ो का सपना मध्यप्रदेश में मूर्त रूप लेगा। केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना, देश में भूमिगत दाब युक्त पाइप सिंचाई प्रणाली अपनाने वाली सबसे बड़ी सिंचाई परियोजना है। इस परियोजना से मध्यप्रदेश के 10 जिलों छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, शिवपुरी, दतिया, रायसेन, विदिशा और सागर में 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और 44 लाख किसान परिवार लाभान्वित होंगे।

फसलों के उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण से हरित ऊर्जा में 103 मेगावॉट योगदान के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बेहतर जल प्रबंधन एवं औद्योगिक इकाइयों को पर्याप्त जल आपूर्ति से औद्योगिक विकास होगा और रोजगार को बढ़ावा भी मिलेगा।

परियोजना से उत्तर प्रदेश में 59 हजार हेक्टेयर वार्षिक सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी एवं 1.92 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मौजूदा सिंचाई का स्थिरीकरण किया जायेगा, जिससे उत्तर प्रदेश के महोबा, झांसी, ललितपुर एवं बांदा जिलों में सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। परियोजना से मध्यप्रदेश की 44 लाख और उत्तर प्रदेश की 21 लाख आबादी को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement

ख़बर मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में 8.19 लाख नए मतदाता जुड़े, संख्या 5.48 करोड़ के पार; 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां

Published

on

मध्यप्रदेश की SSR-2027 प्रारूप मतदाता सूची में 8.19 लाख नए मतदाताओं के जुड़ने की जानकारी।

भोपाल:मध्यप्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 8 लाख 18 हजार 563 की बढ़ोतरी हुई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत जारी प्रारूप मतदाता सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। फरवरी 2026 में प्रकाशित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की अंतिम सूची के मुकाबले यह वृद्धि दर्ज की गई है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नई सूची में 4 लाख 38 हजार 361 महिला, 3 लाख 80 हजार 169 पुरुष और 33 थर्ड जेंडर मतदाता जुड़े हैं। अब प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 82 लाख 85 हजार 144 और महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 65 लाख 13 हजार 547 हो गई है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 937 है।

फरवरी की सूची में थे 5.39 करोड़ मतदाता

फरवरी 2026 में प्रकाशित SIR की अंतिम मतदाता सूची में मध्यप्रदेश में कुल 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 79 लाख 4 हजार 975 पुरुष, 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 महिलाएं और 904 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

नई प्रारूप सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। इस तरह पिछली सूची की तुलना में 8 लाख 18 हजार 563 मतदाता बढ़े हैं।

Advertisement

30 से 39 साल के मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा

आयु वर्ग के हिसाब से मध्यप्रदेश में 30 से 39 साल के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। इस आयु वर्ग में 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार 865 मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं, 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 107 मतदाता हैं। इससे पता चलता है कि प्रदेश की मतदाता सूची में युवा और कामकाजी आयु वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी है।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

निर्वाचन आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है। इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। दावे और आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर मध्यप्रदेश

MP News: कटनी में किसना ज्वेलर्स शोरूम में 12 करोड़ की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर सोना-हीरे के जेवर ले गए चोर

Published

on

कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी की घटना।

कटनी: मध्यप्रदेश के कटनी में चोरों ने ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए। घटना बरगवां स्थित एलआईसी के पास किसना ज्वेलर्स शोरूम की है। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और डिस्प्ले काउंटरों व तिजोरियों में रखे जेवर लेकर फरार हो गए।

चोरी का पता गुरुवार सुबह करीब 11 बजे चला। शोरूम संचालक मोहन बजाज जब दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था। डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियां खाली मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, दिवाली के कारण दुकान में सोने और हीरे की ज्वेलरी का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया था। चोर करीब 12 करोड़ रुपये के आभूषण ले गए हैं।

सुबह 4 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका

एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि चोरी 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच हुई। चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में प्रवेश किया और सेफ व डिस्प्ले काउंटरों में रखे आभूषण समेट लिए।

Advertisement

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है। आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं।

Continue Reading

ख़बर मध्यप्रदेश

MP News: ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी देने के मामले में UP ATS ने संदिग्ध पकड़ा, लैपटॉप में मिले कई ई-मेल

Published

on

ग्वालियर हाईकोर्ट को बम की धमकी और दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से जुड़े मामले में यूपी ATS की जांच।

ग्वालियर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिला है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने धमकी भरे ई-मेल से जुड़े मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में कई धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजा गया संदेश भी शामिल बताया जा रहा है।

इस ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी यह पता लगा रही हैं कि धमकी वाला ई-मेल संदिग्ध ने खुद भेजा था या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके अकाउंट का इस्तेमाल किया था।

लैपटॉप में मिले कई धमकी भरे ई-मेल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यूपी ATS की कार्रवाई के बाद संदिग्ध के लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई। इस दौरान कई धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है।

शुरुआती पूछताछ में संदिग्ध ने ई-मेल बेचने की बात कही है। ऐसे में जांच एजेंसियां उसके ई-मेल अकाउंट, डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। उसकी भूमिका की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Advertisement

दिलजीत के कॉन्सर्ट के मंच को IED से उड़ाने की धमकी

ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर मिले संदेश में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र था। संदेश में कार्यक्रम के मंच को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी मिलने के बाद ग्वालियर, भोपाल और इंदौर की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। हाईकोर्ट परिसर और जजों के आवासों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई। पुलिस ई-मेल के तकनीकी स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

पहले भी स्कूलों और महापौर कार्यालय को मिली थी धमकी

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इन संदेशों में बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी।

Advertisement

पुलिस ने स्कूलों में बम निरोधक दस्ते से जांच कराई थी। शुरुआती जांच में इन धमकियों के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संदेशों को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी।

ग्वालियर पुलिस भी कर रही कानूनी कार्रवाई

ग्वालियर पुलिस हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत के आधार पर मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। पुलिस ई-मेल के स्रोत, संदिग्ध के डिजिटल नेटवर्क और अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अलग-अलग स्थानों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल आपस में जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल संदिग्ध की भूमिका और धमकी भेजने वाले की पहचान को लेकर जांच जारी है।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर मध्यप्रदेश

MP News: सिंगरौली में 50 साल पुराना पैतृक मकान ढहा, 3 की मौत, 5 घायल

Published

on

सिंगरौली के बरहपान गांव में कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और पांच घायल।
AI जनरेटेड

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में भोजन करने के बाद सो रहे परिवार पर करीब 50 साल पुराना कच्चा मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबने से अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और दो साल की बेटी की जान चली गई।

हादसा 9 नवंबर की रात हुआ। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया। रात करीब एक बजे तक लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलता रहा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दीवार में पहले से थी दरार, आ रही थीं आवाजें

हादसे में घायल बेलामती ने बताया कि परिवार के लोग रात में घर के अंदर सो रहे थे। मकान की एक दीवार पहले से फटी हुई थी। रात में उस दीवार से आवाजें भी आ रही थीं। परिवार को मकान गिरने की आशंका हुई, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पूरा मकान भरभराकर ढह गया।

बेलामती के मुताबिक, वह अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गई थीं। गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उनके पति घर के अंदर दबे अन्य लोगों को बचाने के लिए गए थे, लेकिन खुद बाहर नहीं निकल पाए।

Advertisement

जेसीबी से हटाया गया मलबा, रात तक चला रेस्क्यू

मकान गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया। रात करीब एक बजे तक बचाव अभियान जारी रहा।

एसडीएम सुरेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया गया था। घायलों को बैढ़न के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।

50 साल पुराना पुश्तैनी मकान था

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ कच्चा खपरैल मकान करीब 50 साल पुराना था। इसमें समय-समय पर अतिरिक्त कच्चा निर्माण कराया गया था। मकान में दोहरी छत थी। पहले मिट्टी की छत बनाई गई थी, जिसके ऊपर बाद में दोबारा कच्चा निर्माण किया गया।

Advertisement

परिवार के पास करीब चार एकड़ कृषि भूमि है। अरुण अपने पिता के साथ खेती-किसानी करते थे। इसके अलावा वह और उनका छोटा भाई मकान निर्माण में मिस्त्री का काम भी करते थे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत था नया मकान

परिवार के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया मकान भी स्वीकृत था और उसका निर्माण चल रहा था। हादसे के समय अरुण का छोटा भाई सुभाष बैढ़न में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने गया था। देर से घर लौटने के कारण वह इस हादसे में बच गया।

मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता के निर्देश दिए

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर मध्यप्रदेश

MP में दीपावली पर 3 अग्निकांड, 13 लोगों की मौत; कटनी-सिवनी में उजड़े दो परिवार

Published

on

मध्य प्रदेश के कटनी, सिवनी और उज्जैन में दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाओं में 13 लोगों की मौत।

भोपाल: मध्य प्रदेश में दीपावली के दौरान आग लगने की अलग-अलग घटनाओं ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में दो मकानों में लगी आग से 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, उज्जैन में एक मकान और दुकान में लगी आग के दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। इस तरह इन तीन घटनाओं में कुल 13 लोगों की मौत हुई है।

कटनी और सिवनी में मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कटनी में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हुई, जिनमें दो महीने का मासूम और दो बच्चियां भी थीं। सिवनी में सराफा कारोबारी के परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी और सिवनी के अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

कटनी: तीन मंजिला मकान में आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। आग तेजी से तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई।

मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो महीने का मासूम शामिल हैं। परिवार के दो सदस्य किसी तरह इमारत से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

Advertisement

दमकल की पाइप में खराबी से राहत कार्य प्रभावित

आग की सूचना मिलने के बाद बरही नगर परिषद की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल की पाइप में खराबी के कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई। इसके बाद विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

आग की तीव्रता और इमारत में लोगों के फंसे होने के कारण बचाव अभियान लंबा चला। बाद में जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया गया। स्थानीय युवाओं ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।

मकान के निचले हिस्से में क्रॉकरी और प्लास्टिक का सामान रखा था। अधिकारियों के मुताबिक, ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई और उसे नियंत्रित करने में मुश्किल हुई।

प्रशासन के सामने लोगों ने जताया आक्रोश

Advertisement

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि दमकल वाहनों की खराब स्थिति और राहत कार्य में देरी से बचाव अभियान प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के सामने भी लोगों ने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने घटना को अपूरणीय क्षति बताते हुए दुख व्यक्त किया और भविष्य में ऐसी स्थिति न दोहराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और दमकल कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने की बात कही।

सिवनी: सराफा कारोबारी के घर में आग, 6 लोगों की मौत

सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच सराफा कारोबारी कुंदनलाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान कुंदनलाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर बिजली के तारों के जलने की जानकारी सामने आई है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Advertisement

उज्जैन: आग में 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में देवास रोड स्थित हार्डवेयर और इलेक्ट्रिकल्स की दुकान वाली इमारत में दीपावली की रात आग लग गई। आग मकान के ऊपरी हिस्सों तक फैल गई। इस दौरान तीसरी मंजिल पर फंसे 107 वर्षीय मोहनलाल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस घटना में दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुकान में हार्डवेयर और पेंट का सामान रखा होने के कारण धुआं तेजी से फैला, जिससे बचाव कार्य में परेशानी हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

कटनी और सिवनी के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी और सिवनी में आग लगने की घटनाओं पर दुख जताया है। उन्होंने दोनों हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।

Advertisement
Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending