ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: रामराज्य सुशासन की सर्वाधिक प्रभावशाली परिभाषा है- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मध्य प्रदेश राज्य सिविल सेवा में चयनित अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। तथा उनके उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। रविंद्र भवन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी वर्षों की तपस्या और परिवारों की आशा, आकांक्षा, अपेक्षा के बलबूते पर राज्य सेवा के लिए चयनित हुए हैं। यह सुखद संयोग है कि हाल ही में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है, यह देश में सुशासन की प्राण प्रतिष्ठा है, हम रामराज्य की ओर अग्रसर हैं। आप सुशासन का पाथेय बन रहे हैं, अतः आप सब बधाई के पात्र हैं। अभ्यार्थियों को सौंपा जा रहा है नियुक्ति पत्र आपके प्रति विश्वास और आप में निहित संभावनाओं का प्रमाणीकरण है। सबल, सक्षम और सुशासित मध्यप्रदेश बनाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मध्यप्रदेश गान के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभ्यर्थियों से संवाद में उनके कई प्रश्नों के उत्तर दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसम्पर्क विभाग में नियुक्त हिमांशी बजाज, शिवेन्द्र गुर्जर, वाणिज्यिकर अधिकारी वर्षा पंवार, वाणिज्यिककर निरीक्षक राहुल विश्वकर्मा तथा अन्य को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
नई तकनीक अपनाने और सीखने की प्रवृत्ति बनाएं रखें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान और तकनीक का युग है। सौंपे गए कार्यों के संपादन में नई तकनीक को अपनाकर अपनी क्षमता बढ़ाने तथा कार्य को अधिक से अधिक सक्षमता, पारदर्शिता से शत-प्रतिशत पूर्णता तक ले जाने के लिए हमें संकल्पित रहना है। नई तकनीक अपनाने और सीखने की प्रवृत्ति के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी का उदाहरण देते हुए अभ्यर्थियों को प्रेरित किया और कहा कि हमें जो भी दायित्व मिले उसे शत-प्रतिशत सफलता की ओर ले जाने के लिए हम प्रतिबद्ध रहें।
डायरी मेंटेन कर प्रतिदिन के कार्यों की प्राथमिकता करें निर्धारित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद के क्रम में अभ्यर्थियों ने उनसे प्रश्न किए। एक प्रश्न के उत्तर में डॉ. यादव ने कहा कि वे सदैव डायरी मेंटेन कर प्रतिदिन के कार्यों की प्राथमिकताओं को निर्धारित करते हैं। इसके साथ ही वरिष्ठजन व अनुभवी लोगों से प्राप्त उपयोगी बिन्दुओं को भी वे नोट करते हैं, और यह नोटिंग उनसे पुन: भेंट करने तथा अन्य संदर्भ के रूप में बहुत उपयोगीसिद्ध होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं के लिए निरंतर नवाचार करते रहने की प्रवृत्ति रखना, आगे बढ़ने की ललक बनाए रखना तथा उसे पूरा करने के लिए आवश्यक योजना बनाकर उसे क्रियान्वित करने के प्रति प्रतिबद्ध रहना बहुत जरूरी है।
मित्र बनाने और मित्रता निभाने में ईमानदारी व शुचिता का ध्यान रखना आवश्यक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अंकित चौबे ने उनके जीवन यात्रा में मित्रों के महत्व व सहयोग के संबंध में प्रश्न किया। जिसके उत्तर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने आरंभिक जीवन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन के आरंभ और युवावस्था में जो मित्र रहे, वे आज भी मित्रवत हैं और हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। मित्र बनाने और मित्रता निभाने में ईमानदारी व शुचिता का ध्यान रखना तथा लंबे समय तक संबंधों को बनाए रखने के लिए प्रयास करना आवश्यक है।
सिंगरौली SDM को हटाने की घटना का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम हमेशा इस प्रकार कार्य करें जो हमारे व्यक्तित्व और पद की गरिमा बढ़ाए। यह आवश्यक है कि दायित्व निर्वहन में हमारी नीयत सही हो, हम अहंकार न रखें तथा किसी भी परिस्थिति में समस्या को मात्र विभाग की दृष्टि से देखने के अलावा उसे समग्रता में भी देखें और तालमेल बैठाते हुए दायित्वों का निर्वहन करें। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक डिप्टी कलेक्टर द्वारा महिलाकर्मी से उनके जूते के फीते बंधवाने का निंदनीय मामला सामने आने और उस पर की गई त्वरित कार्यवाही का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में नारी सम्मान सर्वोपरि है। अत: परिवेश के अनुसार हमारे लिए हर पल विचारवान बने रहना आवश्यक है।
मध्य प्रदेश सिविल सेवा के वर्ष 2019 व 2020 के चयनित अभ्यर्थी हुए शामिल
रविंद्र भवन में हुए कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सिविल सेवा के वर्ष 2019 व 2020 के चयनित अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। नवागत अधिकारी वाणिज्य कर, वित्त, कार्मिक; राजस्व, स्कूल शिक्षा, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, गृह, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, जनसंपर्क, जनजातीय कार्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता और जेल विभाग में पदस्थ होंगे।
ख़बर मध्यप्रदेश
रतलाम: गोवा एक्सप्रेस की ट्रॉली से टक्कर, रेलवे कर्मचारी की मौत; एक गंभीर, ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा

रतलाम: मध्य प्रदेश में पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में शुक्रवार सुबह रेल हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मक्सी और पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के बीच ग्राम झोंकर के पास ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान गोवा एक्सप्रेस ट्रेन ने मार्ग निरीक्षक की ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।
भगवानसिंह की मौके पर मौत, दिलीप जायसवाल गंभीर
हादसे में ट्रैक सुधारक रेलकर्मी भगवानसिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कर्मचारी दिलीप जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कर्मचारी शाजापुर जिले के बलियासोन गांव के निवासी बताए गए हैं। घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेंटेनेंस ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रैक की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बेरछा रेलवे स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर मक्सी-पीर उमरोद रेलखंड पर झोंकर रेलवे फाटक के पास ट्रैक की मरम्मत और सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान मक्सी की ओर से आ रही डायवर्टेड गोवा एक्सप्रेस ने ट्रैक मेंटेनेंस में इस्तेमाल की जा रही मार्ग निरीक्षक की ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
आधे घंटे बाद बहाल हुआ रेल यातायात
दुर्घटना के कारण रेल परिचालन करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर स्थिति संभाली और आवश्यक कार्रवाई के बाद यातायात बहाल कराया। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि गोवा एक्सप्रेस और ट्रॉली के बीच टक्कर में एक रेलकर्मी की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
ख़बर मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 जिलों के कलेक्टर बदले; सुखवीर सिंह CM के प्रमुख सचिव बने

भोपाल: मध्यप्रदेश में मंगलवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य सरकार ने आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर कई जिलों के कलेक्टरों सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। भरत यादव को जनसंपर्क विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
तबादलों में हरदा और नर्मदापुरम के कलेक्टरों को भी बदला गया है। पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार को हटाकर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं, बालाघाट, सिंगरौली, जबलपुर, रायसेन, शाजापुर, भिंड, बुरहानपुर और मऊगंज में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
2017 बैच के अधिकारियों को मिली कलेक्टरी
तबादला सूची में 2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। कुमार सत्यम को बालाघाट से हरदा का कलेक्टर बनाया गया है। आदित्य सिंह को बालाघाट का नया कलेक्टर बनाया गया है। वे पहले हरदा और अशोकनगर के कलेक्टर रह चुके हैं।
नर्मदापुरम और सिंगरौली में नई पदस्थापना
नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा को संचालक, एड्स नियंत्रण सोसाइटी और संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास बनाया गया है। उनकी जगह आशीष वशिष्ठ को नर्मदापुरम का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल का संचालक बनाया गया है। उनकी जगह मंत्रालय में उप सचिव रहे अंकित अस्थाना को सिंगरौली का कलेक्टर बनाया गया है।
जबलपुर, रायसेन और शाजापुर के कलेक्टर बदले
जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त मंडी बनाया गया है। रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को जबलपुर भेजा गया है। रायसेन में रोहित सिसोनिया नए कलेक्टर होंगे। शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना को उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त राजस्व बनाया गया है। उनकी जगह इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ परीक्षित संजयराव झाड़े को शाजापुर का कलेक्टर बनाया गया है।
भिंड, पन्ना, बुरहानपुर और मऊगंज में भी बदलाव
भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह पवन कुमार जैन को भिंड का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना भेजा गया है। बुरहानपुर में विवेक कुमार नए कलेक्टर होंगे।
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह राजेश कुमार ओगरे को मऊगंज का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह कुमार सत्यम को हरदा की जिम्मेदारी दी गई है।
रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है।
केसी गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जॉन किंग्सली ए.आर. को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग का सचिव बनाया गया है। शोभित जैन को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
संकेत एस. भोंडवे को आवासीय आयुक्त, मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। स्वतंत्र कुमार सिंह को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव बनाया गया है। कुमार पुरुषोत्तम को उद्योग विभाग का सचिव और एमएसएमई विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
संदीप केरकेट्टा बने इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ
संदीप केरकेट्टा को इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) का सीईओ बनाया गया है। अंशुमन राज को मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम का प्रबंध संचालक और समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन का मिशन संचालक नियुक्त किया गया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: लाड़ली बहनों को 14 अक्टूबर को मिलेगी 41वीं किस्त, खाते में आएंगे ₹1,500

भोपाल: मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के लिए 14 अक्टूबर का दिन अहम होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नवरात्रि के दौरान उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित कार्यक्रम से योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। सिंगल क्लिक के जरिए करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500-1,500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास कार्यों की भी सौगात देंगे। वे करीब 144.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे।
जून 2023 में शुरू हुई थी योजना
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता देना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं।
वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पात्र महिलाओं को योजना के नियमों के अनुसार हर महीने 900 रुपये की सहायता मिलती है। राशि सीधे आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में भेजी जाती है।
सितंबर 2026 तक योजना की 40 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त जारी की जाएगी। इसके अलावा अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में महिलाओं को चार बार 250-250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई थी।
योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट
वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जाती है।
144.16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन
उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इनकी कुल लागत करीब 144.16 करोड़ रुपये है। इनमें 68 कार्यों का लोकार्पण और 68 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्य भी इस सूची में शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण और नए निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, 4 बार विधायक और बालाघाट से सांसद रह चुके

भोपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया। सिवनी जिले के पिपरिया गांव में जन्मे बिसेन चार बार विधायक रह चुके हैं। वे मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
2019 में बालाघाट से बने थे सांसद
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में डॉ. बिसेन को बालाघाट सीट से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव जीतने के बाद वे 17वीं लोकसभा के सदस्य बने और 2024 तक सांसद रहे।
विधायक से राज्यपाल तक का सफर
डॉ. बिसेन का राजनीतिक सफर मध्यप्रदेश की राजनीति से शुरू हुआ। विधायक और मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्होंने लोकसभा में बालाघाट सीट से प्रतिनिधित्व किया। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP में हेलीकॉप्टर से पकड़े 97 कृष्णमृग, शुजालपुर में बोमा तकनीक से रेस्क्यू अभियान

शुजालपुर: मध्यप्रदेश के शुजालपुर में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे कृष्णमृगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। शनिवार को हेलीकॉप्टर की मदद से हांका लगाकर बोमा तकनीक के जरिए 97 कृष्णमृगों को पकड़ा गया। 9 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में दक्षिण अफ्रीका के 14 विशेषज्ञों समेत करीब 200 कर्मचारी जुटे हैं।
हेलीकॉप्टर से हांका लगाकर पकड़े 97 कृष्णमृग
शुजालपुर के ग्राम हन्नूखेड़ी में वन विभाग ने शनिवार को अभियान शुरू किया। हेलीकॉप्टर की मदद से कृष्णमृगों को निर्धारित दिशा में ले जाकर बोमा पद्धति से तैयार सुरक्षित घेरे में पहुंचाया गया। पहले चरण में 97 कृष्णमृग पकड़े गए।
दोपहर में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के बाद विशेषज्ञों की सलाह पर अभियान रोक दिया गया। रेस्क्यू का अगला चरण रविवार सुबह शुरू करने की योजना बनाई गई।
दक्षिण अफ्रीका के 14 विशेषज्ञ संभाल रहे जिम्मेदारी
अभियान में दक्षिण अफ्रीका की ‘कंजर्वेशन सॉल्यूशन’ टीम के 14 विशेषज्ञ शामिल हैं। इनके साथ वन विभाग, राजस्व और पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी तैनात हैं। भोपाल और अन्य जिलों से पहुंचे करीब 200 कर्मचारी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। हेलीकॉप्टर से हांका लगाकर बोमा तकनीक के जरिए कृष्णमृगों को पकड़ने की यह पहल लगातार दूसरे साल शुजालपुर से शुरू हुई है। पिछले साल भी इसी इलाके में इस पद्धति का इस्तेमाल किया गया था।
क्या है बोमा तकनीक?
बोमा तकनीक में वन्यजीवों को धीरे-धीरे एक खास तरीके से बनाए गए सुरक्षित घेरे की ओर ले जाया जाता है। घेरे की बनावट ऐसी होती है कि जानवरों को नियंत्रित तरीके से भीतर लाकर सुरक्षित पकड़ा जा सके। इस अभियान में हेलीकॉप्टर की मदद से कृष्णमृगों को निर्धारित दिशा में बढ़ाया जाता है। पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में होती है, ताकि वन्यजीवों को चोट और अनावश्यक तनाव से बचाया जा सके।
प्रमुख सचिव समेत अधिकारियों ने परखी तैयारियां
अभियान शुरू होने से एक दिन पहले, 9 अक्टूबर को प्रमुख सचिव वन राघवेंद्र कुमार सिंह, वन बल प्रमुख शुभांजन सेन, मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा, कलेक्टर ऋजु बाफना और नोडल अधिकारी डॉ. किरण बिसेन ने हन्नूखेड़ी पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि अभियान के दौरान संबंधित खेतों में सिंचाई और कृषि कार्य रोककर रखें। बच्चों को बोमा स्थल से दूर रखें और पालतू मवेशियों को बाड़े में बांधकर रखें। हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ नहीं लगाने की भी हिदायत दी गई है।
फसलों को नुकसान से राहत दिलाने की कोशिश
कृष्णमृग और नीलगाय खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसी समस्या से राहत दिलाने के लिए वन विभाग पहले भी जिले में अभियान चलाकर कृष्णमृगों और नीलगायों को दूसरे स्थानों पर पहुंचा चुका है। इस बार भी अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की मदद ली जाएगी। क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी की जानकारी होने के कारण ग्रामीण रेस्क्यू टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। उनके सहयोग से अभियान स्थल पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश14 hours agoUP News: योगी बोले- सत्ता का रास्ता जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं
ख़बर देश13 hours agoSSR: 17 राज्यों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण, यूपी-पंजाब समेत चुनावी राज्यों पर नजर
ख़बर मध्यप्रदेश13 hours agoरतलाम: गोवा एक्सप्रेस की ट्रॉली से टक्कर, रेलवे कर्मचारी की मौत; एक गंभीर, ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा
ख़बर छत्तीसगढ़12 hours agoछत्तीसगढ़ में CAT की स्थायी पीठ पर हाईकोर्ट सख्त, केंद्र से 3 सप्ताह में मांगा जवाब

















