ख़बर मध्यप्रदेश
Indore: NSE में इंदौर नगर निगम के ग्रीन बॉन्ड की हुई लिस्टिंग, MP के 5 और महानगर होंगे शामिल

Indore Nagar Nigam: देश में स्वच्छता के मामले में कीर्तिमान स्थापित करने वाला इंदौर शहर इनोवेशन के मामले में भी सबसे आगे है। इंदौर नगर निगम ने पिछले दिनों शहर से 90 किलोमीटर दूर खरगोन जिले के जलूद में नर्मदा किनारे सोलर प्लांट लगाने के लिए ग्रीन बॉन्ड जारी किया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कुशभाऊ ठाकरे सभागार भोपाल में औपचारिक तौर पर बेल रिगिंग सेरेमनी में गोंग (घण्टा) बजा कर इंदौर नगर पालिक निगम के ग्रीन बॉण्ड की नेशनल स्टाक एक्सचेंज में लिस्टिंग की। बता दें कि जलूद जल संयंत्र से पानी लाने में आने वाले बिजली खर्च को कम करने के लिए इंदौर नगर पालिका निगम ने 60 मेगावॉट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के उद्देश्य से ग्रीन बॉण्ड का पब्लिक इश्यू जारी कर धन एकत्र करने का निर्णय लिया है।
https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1627950695075938304?s=20
इस वर्ष प्रदेश के 5 और महानगर जारी करेंगे बॉण्ड
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत और स्मार्ट सिटी मिशन के साथ शहरों को अपनी क्रेडिट रेटिंग कराना अनिवार्य किया था, जो म्यूनिस्पिल बांड जारी करने की दिशा में पहला कदम था। इंदौर देश का ऐसा पहला नगर है जिसने राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज में अपने बॉण्ड की लिस्टिंग 2018 में करवाई थी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमें इस साल 5 और महानगरों में यह लक्ष्य हासिल करना है। प्रदेश के बेहतर वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक दक्षता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से हम रोड मेप निर्धारित कर अगले 8-10 माह में यह उपलब्धि प्राप्त करेंगे। बांड से जो राशि प्राप्त होगी, उससे शहरों के विकास में तेजी आएगी।
कार्बन क्रेडिट से अर्जित हुई 9 करोड़ की आय
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर लीक से हट कर सोचता है और लीक से हट कर कार्य करता है। इंदौर शहर की सिटी बस सेवा में सीएनजी बसों और इलेक्ट्रिक बसों का समावेश, इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन के लिए 126 चार्जिंग स्टेशन तैयार करना, शहर के गीले कचरे के निपटान के लिए संयंत्र स्थापित कर उससे उत्पन्न होने वाली बॉयो सीएनजी का उपयोग सिटी बसों के संचालन के लिए करना, शहर में 100 अहिल्या वन और 4 नगर वन विकसित करना तथा शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पौध-रोपण जैसे उल्लेखनीय कार्य हैं। इन नवाचारों से कार्बन उत्सर्जन को कम कर लगभग 4 लाख कार्बन क्रेडिट अर्जित किए जा चुके हैं। इनकी वैश्विक बाजार में ट्रेडिंग कर 9 करोड़ रुपए की आय अर्जित हुई है।
सांची होगी देश की पहली सोलर सिटी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सांची देश की पहली सोलर सिटी होगी। वर्ल्ड हेरीटेज सांची अंतर्राष्ट्रीय सौर दिवस 3 मई को सोलर सिटी बनेगा, जो पर्यावरण को बचाने की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि होगी। मुख्यमंत्री ने इंदौर के जन-प्रतिनिधि और अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे बड़े शहरों में इंदौर को सौर नगर के रूप में विकसित करने का संकल्प लें। इंदौर में इस प्रकार की चुनौतियों और नवाचारों को क्रियान्वित करने का सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद, आवश्यक प्रावधान और व्यवस्थाएं करते हुए इंदौर इस दिशा में आगे बढ़े।
Kindly subscribe to my youtube channel- https://youtube.com/@SanatanaDharma1911
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: एमपी में बदला मौसम, भीषण गर्मी के बीच बारिश-आंधी और ओलावृष्टि, 17 जिलों में अलर्ट

Bhopal: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को भोपाल, ग्वालियर समेत 15 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर चला। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। उमरिया और मुरैना में ओले गिरने से मौसम पूरी तरह बदल गया।
मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को ग्वालियर समेत 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह से देर रात तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बारिश तो कहीं तेज आंधी का असर देखने को मिला।
भोपाल और ग्वालियर के अलावा सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, रायसेन, बालाघाट, छतरपुर, मुरैना, सागर, पन्ना, मैहर, उमरिया और रीवा में भी मौसम खराब रहा। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ जिलों में ओलावृष्टि ने लोगों को परेशान किया।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
इन जिलों में गर्मी का असर रहेगा
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में दिन में गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
मई की शुरुआत बारिश से
आमतौर पर मई महीने की शुरुआत भीषण गर्मी से होती है, लेकिन इस बार प्रदेश में शुरुआती दिनों में ही आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
2 मई से एक्टिव होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है, जिससे अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है।
ख़बर मध्यप्रदेश
Jabalpur: बरगी डैम हादसे में अब तक 9 की मौत, 24 बचाए गए, 9 से ज्यादा अब भी लापता

Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पर्यटन विभाग का एक क्रूज तेज आंधी और खराब मौसम के बीच डैम में डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 24 पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक 9 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। क्रूज में हादसे के समय करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे।
जानकारी के अनुसार, हादसा डैम के किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम राहत कार्य में बड़ी चुनौती बने रहे। शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
आर्मी समेत कई एजेंसियां मौके पर
हादसे के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आर्मी की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। हैदराबाद से स्पेशल रेस्क्यू टीम और हेलिकॉप्टर भेजा गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री की विशेष टीम भी जबलपुर पहुंच गई है। डूबे हुए क्रूज को बाहर निकालने के लिए हाइड्रॉलिक मशीन और पोकलेन की मदद ली जा रही है। बताया जा रहा है कि क्रूज करीब 20 फीट गहरे पानी में फंसा हुआ है।
पायलट बोला- अचानक आया तूफान
क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक मौसम बिगड़ गया। उन्होंने कहा, “तेज तूफान के कारण क्रूज अनियंत्रित हो गया। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।” महेश पिछले 10 साल से क्रूज संचालन का अनुभव रखते हैं।
लापता लोगों की तलाश जारी
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। SDRF, आर्मी और अन्य एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी लापता लोगों को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: बरगी डैम में बड़ा हादसा, पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 6 की मौत; 15 से ज्यादा लापता, 18 को बचाया गया

Bhopal: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी और खराब मौसम के बीच नदी में डूब गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। 15 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
बरगी सिटी एसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का यह क्रूज करीब 40 से 45 यात्रियों को लेकर नदी में घूम रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज तूफान की वजह से क्रूज असंतुलित होकर पलट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और खराब मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना रहा। बड़ी टॉर्च और बोट की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान इलाके में बारिश भी शुरू हो गई, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया।
“तूफान इतना तेज था कि लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिला”
क्रूज पायलट महेश ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से क्रूज चला रहा है और पूरी तरह प्रशिक्षित है। उसके मुताबिक क्रूज में पर्याप्त लाइफ जैकेट और सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को जैकेट पहनने तक का समय नहीं मिल सका।
20 साल पुराना था क्रूज
पर्यटन विभाग के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया ने बताया कि बरगी डैम में संचालित यह क्रूज वर्ष 2006 में बनाया गया था। इसकी क्षमता 60 यात्रियों की थी। विभाग के अनुसार डैम में दूसरा क्रूज भी मौजूद है, लेकिन वह फिलहाल खराब है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: मध्यप्रदेश कैबिनेट का बड़ा फैसला, ₹26,800 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी, छात्रवृत्ति 10 हजार प्रतिमाह

Bhopal: मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए 26 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी दी गई। इन फैसलों को प्रदेश के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इन फैसलों से प्रदेश में विकास को नई रफ्तार मिलेगी, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच अंतर कम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अधोसंरचना के क्षेत्र में दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
सड़क और अधोसंरचना पर सबसे बड़ा निवेश
कैबिनेट ने लोक निर्माण विभाग के तहत अगले पांच वर्षों (2026-2031) के लिए 26,311 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि से सड़कों के निर्माण, नवीनीकरण, सरकारी भवनों की मरम्मत, कार्यालयों की स्थापना और भू-अर्जन जैसे कार्य किए जाएंगे। इसमें 6,180 करोड़ रुपये प्रशासनिक भवनों और कार्यालयों के लिए, 6,925 करोड़ रुपये केंद्रीय सड़क अधोसंरचना योजनाओं के लिए, 6,500 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण मुआवजा, 5,000 करोड़ रुपये जिला और मुख्य मार्गों के नवीनीकरण के लिए मंजूर हुए हैं। इससे प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
छात्रों के लिए बड़ा तोहफा
सामाजिक न्याय के तहत कैबिनेट ने पिछड़ा वर्ग छात्रगृह योजना-2005 में संशोधन करते हुए छात्रवृत्ति राशि को 1,550 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। अब हर साल 100 नए विद्यार्थियों (50 स्नातक और 50 स्नातकोत्तर) को इसका लाभ मिलेगा। पहले से लाभ ले रहे छात्रों को भी कोर्स पूरा होने तक सहायता जारी रहेगी।
सिंचाई से किसानों को राहत
शाजापुर जिले की लखुंदर उच्च दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिए 155 करोड़ 82 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से शाजापुर और उज्जैन के 24 गांवों के लगभग 9,200 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी।
आंगनवाड़ियों में पहुंचेगी बिजली
महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत 38,901 आंगनवाड़ी भवनों में बिजली सुविधा के लिए 80 करोड़ 41 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा और स्मार्ट टी.वी., पंखे, लाइट जैसी सुविधाओं के जरिए शैक्षणिक गतिविधियां बेहतर होंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी बड़े फैसले लिए गए। भोपाल के गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी सीट वृद्धि के लिए 79.16 करोड़ रुपये, रीवा के श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विस्तार के लिए 174.80 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में उन्नत चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: मध्य प्रदेश में नशे पर बड़ी कार्रवाई: 7 दिन में ₹1.38 करोड़ से ज्यादा के ड्रग्स जब्त, कई अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Bhopal: मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए बीते 7 दिनों में 1 करोड़ 38 लाख रुपए से अधिक की ड्रग्स, वाहन, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है। इस दौरान कई अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
रीवा में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 749 शीशी कोडीन कफ सिरप और एक कार सहित करीब 8.5 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। वहीं बिछिया थाना पुलिस ने 28.93 किलो गांजा, कार, मोबाइल और नकदी समेत लगभग 34.23 लाख रुपए का माल जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
राजगढ़ के जीरापुर में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत 298 ग्राम स्मैक और 5.496 किलो केमिकल पाउडर जब्त कर करीब 35 लाख रुपए की कार्रवाई की गई।
नीमच में पुलिस ने 150 ग्राम एमडी ड्रग्स और 6 किलो डोडाचुरा के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं रतनगढ़ और सरवानिया महाराज क्षेत्र में 153.5 किलो डोडाचुरा (करीब 23 लाख रुपए) जब्त कर 4 लोगों को पकड़ा गया।
बालाघाट में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 23.14 किलो गांजा, वाहन और मोबाइल समेत करीब 12.3 लाख रुपए की संपत्ति बरामद हुई।
मंदसौर में तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 12.75 लाख रुपए की मादक सामग्री जब्त की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडाचुरा और एमडी शामिल है।
शिवपुरी में 20.45 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर 4 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
शहडोल में 4 किलो गांजा के साथ 3 आरोपी पकड़े गए, जबकि बैतूल में ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
उज्जैन में भी पुलिस ने एमडी ड्रग्स और गांजा के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


















