Connect with us

ख़बर छत्तीसगढ़

CG Cabinet: कैबिनेट के 7 बड़े फैसले, ₹500 करोड़ के AI मिशन, BEML प्लांट और डिजिटल गवर्नेंस को मंजूरी

Published

on

Chhattisgarh Cabinet, Vishnu Deo Sai, AI Mission Chhattisgarh, BEML Plant, WAMIS, ADB Grant, CSPGCL, S-SNA Model, Cabinet Decisions, Chhattisgarh News, Hindi News

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के डिजिटल, औद्योगिक और आधारभूत विकास से जुड़े सात महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने 500 करोड़ रुपए के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन, BEML के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, लोक निर्माण विभाग में डिजिटल प्रबंधन प्रणाली और ग्रामीण सड़क योजना में बदलाव समेत कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई।

500 करोड़ का AI मिशन मंजूर

कैबिनेट ने पांच वर्षों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी। इस पर 500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मिशन के तहत राज्य में 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 300 से अधिक AI स्टार्टअप्स को सहायता दी जाएगी।इसके अलावा 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शासन के कामकाज को आसान बनाने के लिए 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित होंगी।

राज्य में लगेगा BEML का पहला प्लांट

कैबिनेट ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) को रियायती दर पर भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी। राज्य में पहली बार हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र स्थापित होगा। सरकार का दावा है कि इससे बड़े निवेश आएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

Advertisement

PWD में लागू होगी डिजिटल प्रणाली

लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के लिए वर्क्स एंड अकाउंट मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (WAMIS) लागू किया जाएगा। इससे ई-टेंडर, बिल भुगतान, गुणवत्ता निगरानी और निर्माण कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगी।

ग्रामीण सड़क योजना में बड़े बदलाव

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। अब ग्रामीण गलियों में सीसी सड़क और नाली निर्माण आसान होगा। सड़क निर्माण से पहले मनरेगा से मिट्टी कार्य कराने की अनिवार्यता भी खत्म कर दी गई है।

ADB देगा 15 करोड़ का अनुदान

Advertisement

कैबिनेट ने ‘अंजोर LIGHT’ तकनीकी सहायता परियोजना के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से 15 करोड़ रुपए का पूर्ण अनुदान लेने को मंजूरी दी। यह परियोजना पूरी तरह ग्रांट आधारित होगी, जिससे राज्य पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

राज्य योजनाओं के लिए नया S-SNA मॉडल

सरकार ने राज्य योजनाओं के लिए स्टेट सिंगल नोडल एजेंसी (S-SNA) मॉडल लागू करने का फैसला किया है। इससे योजनाओं की राशि एक केंद्रीकृत खाते से सीधे हितग्राहियों और वेंडरों को जारी होगी। सरकार का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और वित्तीय गड़बड़ियों पर रोक लगेगी।

CSPGCL जारी करेगी 200 करोड़ के बॉन्ड

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) को 200 करोड़ रुपए तक के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) और बॉन्ड जारी कर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने की मंजूरी दी है। इससे बिजली क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement

ख़बर छत्तीसगढ़

रायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, CM साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

Published

on

रायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक आयोजन, CM साय ने किया लोगो का अनावरण

रायपुर: छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार तीन दिवसीय साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव को साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से अच्छी सफलता मिली थी। इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि यह देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।

गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी भाषाओं को मिलेगा महत्व

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण-संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की विभिन्न भाषाओं और बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत मौजूद है।

Advertisement

इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है। मुख्यमंत्री ने साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान देने की बात कही।

युवा रचनाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को अभिव्यक्त करती है। साहित्य उत्सव में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव

Advertisement

कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और लेखकों ने पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी साहित्य उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी दिए। साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय रचनाकारों को नई ऊर्जा मिली है और छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

इस दौरान साहित्यकारों ने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनेगा, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भिलाई के खुर्सीपार में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में

भिलाई/रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। साथ ही दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। सरकार का प्रयास है कि शहर में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी अधोसंरचना का लगातार विस्तार हो।

दो सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं।

  • कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए।
  • जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपए।

इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।

BSP टाउनशिप के हजारों परिवारों को किराए में राहत

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपए किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत मिली है।

तीन साल में भिलाई के विकास पर 886 करोड़ खर्च/जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों और गांवों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई आने वाले समय में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। इस दौरान 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Advertisement

आवास से लेकर स्वरोजगार तक, हितग्राहियों को मिला लाभ

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
  • पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
  • प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
  • आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपए के चेक दिए गए।
  • 7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
  • छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक दिए गए।
  • मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स, नाव-जाल और पट्टे वितरित किए गए।

महतारी वंदन योजना की 33 किस्तें जारी

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

Chhattisgarh: CM साय ने रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, पेयजल के लिए 134 करोड़ मंजूर

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रिसाली में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए और नेवई व जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

101 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपए के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपए के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इन इलाकों में होंगे प्रमुख निर्माण कार्य

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। वहीं, डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा।

वार्ड क्रमांक 18 में करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपए से उद्यान, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट के काम होंगे।

इसके अलावा तालपुरी और रूआबांधा में करीब 98 लाख रुपए, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा और नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा शक्ति विहार रिसाली में 67 लाख रुपए के विकास कार्य किए जाएंगे।

CSVTU में 28 करोड़ से बनेंगे भवन और हॉस्टल

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई-भिलाई में करीब 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।

Advertisement

रिसाली के लिए चार बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मांगों पर रिसाली क्षेत्र के लिए ये घोषणाएं कीं:

  • जल शुद्धिकरण और पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए।
  • वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए।
  • नेवई मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए।
  • जोरातराई मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र को आने वाले दिनों में पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों का विकास

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। रिसाली का विकास भी इसी सोच का हिस्सा है।

68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ

Advertisement

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।

रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होगी: अरुण साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

Advertisement

95 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

CM विष्णुदेव साय ने धनोरा को दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 56 गांवों को मिलेगा स्वास्थ्य सुविधा का लाभ

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोण्डागांव के धनोरा में विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए

कोण्डागांव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपए की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2.50 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इससे धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों की उपज को बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की शुरुआत की। इसके जरिए चार गांवों के करीब 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ा जाएगा। इस काम में बिहान से जुड़ी महिला स्वसहायता समूहों की भी अहम भूमिका होगी।

56 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इस केंद्र से धनोरा समेत आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और जरूरी चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

730 किसानों की उपज को मिलेगी ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की पहचान

Advertisement

मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया। इसके तहत ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को बाजार से जोड़ा जाएगा। इन गांवों के किसान प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते हैं। अब जिला प्रशासन की पहल पर धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे नए ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने और बिचौलियों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

धान के प्रसंस्करण से विपणन तक जिम्मेदारी संभालेंगी बिहान की दीदियां

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की पूरी प्रक्रिया में ग्रामीण महिलाओं को भी भागीदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

84 गांवों के आराध्य पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन

धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पेन खण्डा मुदिया को कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के लोग अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। आदिवासी समाज में उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने बस्तर की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।

Advertisement

पारंपरिक साफा बांधकर किया मुख्यमंत्री का स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM विष्णुदेव साय ने वेतन विसंगति और प्रमोशन की मांगों पर बनाई उच्चस्तरीय समिति

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल रोकने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

रविवार, 22 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने उनकी बातें सुनीं और मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।

वेतन विसंगति और प्रमोशन की मांगों पर बनेगी समिति

मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति इन मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।सरकार का कहना है कि कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए।

हड़ताल के दौरान हुई कार्यवाहियों पर भी होगा विचार

Advertisement

मुख्यमंत्री ने पटवारियों को यह आश्वासन भी दिया कि हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है।

पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस फैसले से राज्य में पटवारियों से जुड़े राजस्व कार्यों के दोबारा सुचारु होने की उम्मीद है।

Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending