ख़बर मध्यप्रदेश
BRICS Summit: मोदी और शी जिनपिंग के बीच कल होगी द्विपक्षीय बैठक, 5 साल बाद होगी औपचारिक मुलाकात
BRICS Summit:प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच रूस के कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक होगी। ये जानकारी भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने साझा की है। बता दें कि दोनों नेताओं के बीच करीब पांच साल बाद औपचारिक द्विपक्षीय बैठक होगी। इससे पहले दोनों नेता साल 2019 में ब्राजील में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे।
भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने पीएम मोदी की आज की बैठकों को लेकर जानकारी साझा करने के दौरान बताया कि पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कल रूस के कजान शहर में द्विपक्षीय बैठक होगी। इस पूरे घटनाक्रम को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर पेट्रोलिंग को लेकर भारत और चीन के बीच एक नई सहमति बनने से जोड़कर देखा जा रहा है।
चीन ने भी मंगलवार को एलएसी पर तनाव कम करने के लिए भारत के साथ हुए सैन्य समझौते की पुष्टि की है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘प्रासंगिक मामलों पर एक प्रस्ताव पर पहुंचा गया है और इन प्रस्तावों को लागू करने के लिए हम नई दिल्ली के साथ मिलकर काम करेंगे।’
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: प्रदेश के मिनी आंगनवाड़ी केंद्र पूर्ण आंगनवाड़ी में अपग्रेड होंगे, 13 हजार से अधिक पद भी स्वीकृत
Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में वर्तमान में संचालित 12 हजार 670 मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्र में उन्नयन किये जाने का निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का प्रावधान है। निर्णय अनुसार इन मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों के उन्नयन के बाद एक पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एक पद आंगनवाड़ी सहायिका का होगा। उन्नयित 25 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर एक पर्यवेक्षक के मान से कुल 476 पर्यवेक्षक के पद स्वीकृत किये गये। केन्द्र सरकार के निर्धारित मापदण्ड उन्नयित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर लागू होंगे। मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्रों में उन्नयन किए जाने पर केन्द्रांश राशि रुपए 3401.90 लाख एवं राज्यांश राशि 17945.82 लाख होगा। इस प्रकार कुल राशि रुपए 21347.71 लाख अतिरिक्त वार्षिक व्यय भार आयेगा।
लैंगिक अपराध से पीडितों को संरक्षण एवं वित्तीय सहायता की स्वीकृति
कैबिनेट द्वारा केन्द्र सरकार द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य अंतर्गत बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (संशोधित 2019) की धारा 4 एवं 6 के तहत “Scheme for Care and Support to Victims under Section 4 & 6 of the Protection of Children from Sexual Offences (POCSO) Act, 2012” को प्रदेश के 55 जिलों में लागू किया गया है। योजना का उद्देश्य 18 वर्ष तक लैंगिक अपराध से पीड़ितों को POCSO Act के अंतर्गत संरक्षण एवं भारत सरकार के निर्भया फण्ड से वितीय सहायता प्रदान करना एवं उनके सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करना है। निर्भया फण्ड से प्रत्येक जिले को 10 लाख रुपए आवंटित किये जायेंगे। लैंगिक अपराध से पीड़ितों को सहायता के लिए जिले आवश्यकता के अनुसार राशि का उपयोग कर सकेंगे।
स्वास्थ्य संस्थाओं अंतर्गत 6388 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अंतर्गत वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में स्वीकृत कुल 454 स्वास्थ्य संस्थाओं में कुल 6388 नवीन पदों (5936 नियमित एवं 452 संविदा) के सृजन की स्वीकृति दी। इसके अतिरिक्त 1589 आउट सोर्सिंग एजेन्सी से कार्य पर रखे जाने की स्वीकृति भी दी गई। पदों के सृजन पर होने वाले वार्षिक अनुमानित व्यय राशि 351 करोड़ 17 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। नवीन सृजित पदों का सृजन कर समस्त पदों को वर्ष 2024-25 में भरें जाने की स्वीकृति दी है।
अन्य निर्णय
1.मंत्रि-परिषद् द्वारा 1 जनवरी 2016 के पूर्व एवं 01/01/2016 को या इसके उपरांत सेवानिवृत्त विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स (सेवानिवृत्त अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी) को वित्त विभाग के परिपत्र अनुसार सातवें वेतनमान के अनुरूप पेंशन देने की स्वीकृति दी गई।
2.सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सिंहस्थ अखाड़े और संतों के लिए प्लॉटिंग करके आश्रम बनाए जाएंगे। हर अखाड़े को 5 बीघा जमीन दी जाएगी।
3. प्रदेश में अक्टूबर से सोयाबीन उपार्जन की प्रक्रिया शुरू होगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य () ₹ पर सोयाबीन की खरीदी होगी।
प्रदेश के लाख हजार किसानों ने सोयाबीन उपार्जन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: जबलपुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में बड़ा ब्लास्ट, 12 घायल, 3 की हालत गंभीर,1 लापता
Jabalpur:मध्यप्रदेश के जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में मंगलवार सुबह भीषण धमाका हो गया। इस धमाके में 12 कर्मचारी घायल हुए हैं, जबकि एक कर्मचारी लापता है। घायलों में तीन की हालत नाजुक है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फैक्ट्री प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ब्लास्ट फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन के बिल्डिंग नंबर 200 में हुआ। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया GM समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हालांकि, अभी अधिकारी हादसे को लेकर कुछ भी मीडिया से बोलने से बच रहे हैं।
बम फिलिंग के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन में बम फिलिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को तुरंत फैक्ट्री के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर तीन कर्मचारियों को निजी हॉस्पिटल रेफर किया गया है। ब्लास्ट कैसे हुआ और किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री के आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों का कहना है कि काफी तेज आवाज आई और भूकंप जैसा महसूस हुआ।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पीएम मोदी ने किया रीवा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्धाटन, मुख्यमंत्री बोले- 999 रुपए में कराएंगे हवाई यात्रा
Rewa: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से रीवा के नवनिर्मित एयरपोर्ट का वर्चुअल उदघाटन किया। रीवा प्रदेश का छठवां एयरपोर्ट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में पहले की तुलना में तीन गुना रफ्तार से विकास कार्य हो रहे हैं। नई सरकार बनने के सवा सौ दिन के अंदर 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं और परियोजनाओं पर कार्य शुरू किया जा चुका है। इसमें ज्यादा बजट गरीब, किसान और नौजवानों के नाम पर है। पूरे देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण का बड़ा अभियान चल रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि विकास के लिये होने वाले निवेश से नागरिकों की सुविधा बढ़ाना और नौजवानों को नौकरी देना हमारा लक्ष्य है। हाई-वे, नये-नये ट्रेन रूट्स और नये एयरपोर्ट की सुविधा बढ़ रही है। यह सिर्फ ईंट, पत्थर, लोहे का काम नहीं है। इससे आम नागरिकों की सुविधाएं बढ़ रही हैं और युवाओं को नौकरियां भी मिल रही हैं। देश में वर्ष 2014 में केवल 70 एयरपोर्ट थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 150 से अधिक हो गई है। पुराने एयरपोर्ट्स का रिनोवशन भी किया जा रहा है।
रीवा से भोपाल तक एक्सप्रेस-वे का निर्माण होगा-मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दीवाली के पहले ही विंध्यवासियों को दीवाली का बहुत बड़ा तोहफा दिया है। रीवा में एयरपोर्ट शुरू होने जाने से विंध्य के विकास के द्वार खुलेंगे और यहां की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। विंध्य में प्राकृतिक संपदा और विकास के हर संसाधन उपलब्ध रहे हैं। रीवा के विकास में ताला लगा हुआ था। पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा ध्यान न देने के कारण विंध्य का समुचित विकास नहीं हो सका। अब विंध्य के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रीवा में 1993 में रेल की सुविधा भी नहीं थी। आज यहाँ एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध हो गई है। रीवा से भोपाल तक एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी किया जाएगा।
23 अक्टूबर को होगी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विंध्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 अक्टूबर को रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पूरे विंध्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास के लिए निवेश होगा। उद्योगों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। विंध्य में कृषि और खनिज पर आधारित उद्योगों का तेजी से विकास होगा। पूरे संभाग में फूड इंडस्ट्री की अच्छी संभावना है। विंध्य से माल ढुलाई के लिए शीघ्र ही कंटेनर और मालवाहक हवाई जहाज की सुविधा दी जाएगी। साथ ही विंध्यवासियों को 999 रुपए में हवाई यात्रा कराई जाएगी।
उज्जैन, शिवपुरी और दतिया में बनेगा एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 6 हवाई अड्डों के साथ 25 हवाई पट्टियां विकसित की गई हैं। प्रदेश के हर जिले में हवाई पट्टी बनाई जाएगी। उज्जैन, शिवपुरी और दतिया की हवाई पट्टी की विकसित कर एयरपोर्ट बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे देश में सबसे पहले नदी जोड़ो अभियान मध्यप्रदेश में शुरू किया गया है। विंध्य क्षेत्र में अगले साल तक किसानों के खेतों तक मां नर्मदा का पानी पहुंच जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्यापूजन कर रीवा जिले में पर्यटन संभावनाओं के संबंध में तैयार वीडियो फिल्म का विमोचन किया और रीवा-भोपाल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: भाजपा ने बुधनी सीट से कार्तिकेय को नहीं दिया टिकट, शिवराज के करीबी को मौका
Bhopal: भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कुछ राज्यों में होने वाले उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा सीट से रमाकांत भार्गव को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बीजेपी का यह फैसला चौंकाने वाला है। दरअसल इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय को टिकट देने की चर्चा चल रही थी। विदिशा के पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव जिन्होंने शिवराज सिंह चौहान के लिए अपनी सीट छोड़ी थी, उन्हें शिवराज सिंह चौहान की छोड़ी हुए विधानसभा सीट बुधनी से टिकट दिया गया है।
रमाकांत भार्गव को भी शिवराज सिंह चौहान का बेहद करीबी माना जाता है। वे बुधनी सीट से शिवराज के 6 चुनावों के संचालक की जिम्मेदारी उठाते रहे हैं। विदिशा लोकसभा सीट से 2019 में चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। लेकिन 2024 में विदिशा सीट से शिवराज सिंह को टिकट दिया गया। जबकि रमांकात भार्गव को शिवराज की छोड़ी हुई बुधनी विधानसभा सीट से उपचुनाव में उतारा गया है। रमाकांत भार्गव मार्कफेड के अध्यक्ष और अपेक्स बैंक के डायरेक्टर भी रह चुके हैं।
बीजेपी ने मध्यप्रदेश की विजयपुर सीट सेे रामनिवास रावत को उतारा है। रावत के इस्तीफा देने के कारण ही विजयपुर सीट खाली हुई थी। बाद में उन्हें सरकार में मंत्री बनाया गया। लिहाजा ये तय माना जा रहा था कि रामनिवास रावत ही भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ेंगे।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: माइनिंग कॉन्क्लेव में प्राप्त हुए 20 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम बोले-हीरे के बाद अब सोना भी निकालेगा मध्यप्रदेश
Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को 2 दिवसीय माईनिंग कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। इस संपदा के दोहन के लिए प्रयास बढ़ाते हुए खनिज क्षेत्र में नए निवेश को पूरा प्रोत्साहन दिया जाएगा। खनन क्षेत्र के उद्यमियों को राज्य सरकार सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगी। प्रदेश की खनिज संपदा का दोहन करते हुए उत्पाद भी प्रदेश में ही हो, ऐसे प्रयास किए जाएं। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सम्पन्न कॉन्क्लेव में विभिन्न 11 औद्योगिक संस्थानों की ओर से 19,650 करोड़ रूपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में एमओआईएल (भारत सरकार का उपक्रम) और मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड के मध्य खनिज ब्लॉक से संबंधित “संयुक्त उद्यम समझौता” हस्ताक्षरित भी हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस कॉन्क्लेव को सफल आयोजन बताते हुए कहा कि प्रदेश के खनिज राजस्व में भी 5 गुना वृद्धि का लक्ष्य आने वाले समय में प्राप्त किया जाएगा। उद्यमियों के साथ भू-गर्भ शास्त्री, वैज्ञानिक, खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, भारत सरकार के खनिज मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अधिकारी कॉन्क्लेव में शामिल हुए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति विश्व में सबसे अलग है। जहां अन्य देश राष्ट्र को पिता मानते हैं, हमारे देश में हम भारत माता की जय का उद्घोष करते
हैं। मातृ प्रधान व्यवस्था को प्राचीन काल से प्रश्रय मिला। हम देश को भी मातृ संस्था मानते हैं। शरीर की रचना भी ब्रम्हांड की तरह होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहाकि इस वसुंधरा की नदियां मनुष्य के रक्त प्रवाह के समान हैं। पृथ्वी में भी प्राण होते हैं और वनस्पति में भी प्राण होते हैं, यह हमारी मान्यता अन्य देशों से काफी पुरानी हैं। प्रकृति के दोहन और शोषण के अंतर को समझने की आवश्यकता है। खनिज संपदा की दृष्ट से ईश्वर की कृपा मध्यप्रदेश पर है।
माईनिंग कॉन्क्लेव में प्रमुख निवेश प्रस्ताव
क्र | फर्म/कम्पनी का नाम | प्रोजेक्ट का विवरण | स्थान |
1 | ल्यूगांग इंडिया, नई दिल्ली | प्रदेश में माइनिंग उपकरण निर्माण इकाई स्थापना निवेश राशि 250 करोड़ | – |
2 | इंडियन रेयर अर्थस, मुंबई | रेयर मेटल्स क्लस्टर की स्थापना | औद्योगिक क्षेत्र अचारपुर, जिला भोपाल |
3 | द कमोडिटी हब, गुरूग्राम हरियाणा | कॉपर, रॉकफास्फेट तथा सिलीकॉन बेनीफिकेशन प्लांट की स्थापना, निवेश राशि 2000 करोड़ | बालाघाट एवं खरगौन |
4 | श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, रायपुर छत्तीसगढ़ | इंट्रीगेटेड स्टील प्लांट,-निवेश राशि 1000 करोड़ | उमरिया |
5 | श्री व्रिज आयरन एवं स्टील लिमि. जल विहार कालोनी रायपुर | इंट्रीगेटेड स्टील प्लांट,-निवेश राशि 1000 करोड़ | कोतमा शहडोल |
6 | बैर्री अलायज, कोलकाता | प्रदेश में फेरो अलायज इकाई की स्थापना निवेश राशि 400 करोड़ | – |
7 | इन्विनायर पेट्रोडाइन लिमिटेड | कोल बेड मीथेन और कोल गैसीफिकेशन में निवेश राशि 5000 करोड़ | बैतूल और छिंदवाड़ा |
8 | डालमिया सीमेंट, नई दिल्ली | प्रदेश में सीमेंट प्लांट की स्थापना निवेश राशि 3000 करोड़ | सतना |
9 | जे.के. सीमेंट | पन्ना जिले में स्थापित सीमेंट प्लांट का विस्तारीकरण निवेश राशि 2500 करोड़ | पन्ना |
सिंगरौली एवं शहडोल जिले में आवंटित कोल ब्लॉक निवेश राशि 1000 करोड़ | सिंगरौली एवं शहडोल | ||
10 | अंबुजा सीमेंट अहमदाबाद, गुजरात | प्रदेश में सीमेंट प्लांट की स्थापना निवेश राशि 3000 करोड़ | रीवा |
11 | सागर स्टोन इंडस्ट्रीज, जबलपुर | फोस्फोराईट से खाद विनिर्माण इकाई की स्थापना, निवेश राशि 500 करोड़ | छतरपुर |
कुल | 19650 |
हर महीने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में हर महीने अलग-अलग क्षेत्रों में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हो रही हैं। इस वर्ष अब तक हुई 4 कॉन्क्लेव के फलस्वरूप लगभग 2500 करोड़ रूपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। आने वाली 23 अक्टूबर को रीवा में “रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव” उद्योग के विभिन्न सेक्टर्स में नए निवेश लाने में सहयोगी होगी।
अयोध्या के राम मंदिर तक पहुंचा मध्यप्रदेश का पत्थर, हीरे के बाद सोना भी निकालेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निश्चित ही यह गर्व का विषय है कि गोंडवाना अंचल के मंडला जिले में खनन से प्राप्त पत्थर का उपयोग अयोध्या में श्रीरामलला मंदिर के गर्भ गृह में लगाने का सौभाग्य मध्यप्रदेश को मिला। निश्चित ही यह पत्थर गुणवत्ता की दृष्टि से इस योग्य पाया गया कि उसे गर्भगृह में स्थान मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री अनुपम चतुर्वेदी और श्री किशोर ने इस पत्थर का नमूना भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निश्चित ही मध्यप्रदेश खनिजों के मामले में भी अद्वितीय है। भारत की वसुंधरा में मध्यप्रदेश हृदय प्रदेश होने के साथ रत्न-गर्भा भी है। पन्ना में हीरों का भंडार प्रदेश को अलग पहचान देता है। अब हीरों के साथ सोना भी प्रदेश की धरती से निकलेगा। अन्य खनिजों के खनन के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से माईनिंग कॉन्क्लेव के प्रतिनिधियों और निवेशकों ने की भेंट
कॉन्क्लेव के समापन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सागर स्टोन इंडस्ट्रीज के नितिन शर्मा, कैप्टन स्टील के बैरी अलॉयज, मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड (एमओआईएल) अजीत कुमार सक्सेना, इंडियन रेयर अर्थस मुंबई के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपेन्द्र सिंह ने भेंट कर मध्यप्रदेश में निवेश के प्रस्तावों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खनिज क्षेत्र के उद्यमियों से वन-टू-वन बातचीत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार निवेश के प्रति गंभीर ही नहीं, संवेदनशील और प्रतिबद्ध भी है। सभी तरह के उद्योगों के लिए बुनियादी सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक रियायतें प्रदान की जा रही हैं। इस नाते खनिज क्षेत्र को भी पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
-
ख़बर मध्यप्रदेश13 hours ago
MP News: जबलपुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में बड़ा ब्लास्ट, 12 घायल, 3 की हालत गंभीर,1 लापता
-
ख़बर मध्यप्रदेश9 hours ago
MP Cabinet: प्रदेश के मिनी आंगनवाड़ी केंद्र पूर्ण आंगनवाड़ी में अपग्रेड होंगे, 13 हजार से अधिक पद भी स्वीकृत
-
ख़बर छत्तीसगढ़6 hours ago
Chhattisgarh: आयुक्त जनसंपर्क बनाए गए रवि मित्तल, तीन जिलों को मिले नए कलेक्टर
-
ख़बर देश8 hours ago
BRICS Summit: कजान में मिले मोदी-पुतिन, यूक्रेन-रूस संघर्ष पर बोले PM मोदी- संघर्ष का समाधान शांतिपूर्ण होना चाहिए
-
ख़बर छत्तीसगढ़11 hours ago
Chhattisgarh: सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक मयाली नेचर कैंप में हुई, पारंपरिक तरीके से हुआ सीएम का स्वागत