ख़बर यूपी / बिहार
Ayodhya: दीपोत्सव में अयोध्या में बने दो गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड, 28 लाख दीपों से जगमग हुई अयोध्या

Ayodhya Deepotsav: प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के मौके पर दो रिकॉर्ड गिनीज बुक में दर्ज हुए। इसमें पहला रिकॉर्ड सबसे अधिक लोगों के आरती करने का, जबकि दूसरा सबसे ज्यादा दीप जलाने का। सरयू नदी के किनारे एक साथ एक हजार 121 वेदाचार्यों ने आरती में भाग लिया। इस साल अयोध्या में यह नया रेकॉर्ड बना है। इसके अलावा अयोध्या ने अपना ही मौजूदा रेकॉर्ड तोड़ते हुए सरयू नदी के किनारे 25 लाख 12 हजार 585 दीप जलाए गए, जो कि नया रिकॉर्ड है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसकी घोषणा भी की। वहीं सरयू नदी के 55 घाटों पर कुल 28 लाख दीप प्रज्जवलित किए गए।
अयोध्या में बुधवार को उत्सव का माहौल रहा। सरयू के तट दीयों की झिलमिल से रोशन हो उठे। आठवें दीपोत्सव के अवसर पर सरयू तट पर शानदार लाइटिंग की गई, साथ ही भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन भी किया गया। नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद राम नगरी में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम के सीता और लक्ष्मण हनुमान और अन्य लोगों के साथ ‘पुष्पक विमान’ (हेलीकॉप्टर) से अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने उनका स्वागत किया। भगवान राम के रथ को मुख्यमंत्री और अन्य लोगों ने राम दरबार स्थल तक खींचकर पहुंचाया।
संत समाज ने योगी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीरामलला के पुनः अपने महल में विराजमान होने का यह दिव्य अवसर सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है। संतों का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को फिर से संजीवित किया है। इससे संपूर्ण संत समाज में प्रसन्नता है।
ख़बर बिहार
Bihar Election 2025: बिहार में बीजेपी-जदयू 101-101 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव, एनडीए के बीच हुआ सीटों का बंटवारा

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपने सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। गठबंधन के मुख्य घटक दलों भाजपा और जदयू को बराबर संख्या में यानी 101-101 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा, अन्य सहयोगी दलों को भी चुनाव लड़ने के लिए हिस्सेदारी दी गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को छ-छ सीटें दी गई हैं।
एनडीए के महासचिव विनोद तावड़े ने इस सीट बंटवारे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा,“संगठित और समर्पित एनडीए परिवार ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सीटों का वितरण पूर्ण किया। सभी सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का खुशी-खुशी स्वागत किया है। सभी साथी कमर कस चुके हैं और बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।”
इस सीट बंटवारे में स्पष्ट रूप से यह संकेत मिलता है कि भाजपा और जदयू दोनों प्रमुख दल अपने क्षेत्रीय प्रभुत्व को बरकरार रखना चाहते हैं। 101-101 सीटों का विभाजन दोनों दलों के बीच संतुलन बनाए रखने की रणनीति है। इसके अलावा, छोटी पार्टियों को हिस्सेदारी देना भी गठबंधन की मजबूती और चुनावी संतुलन बनाए रखने का हिस्सा है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। यह संख्या इस बात का प्रतीक है कि गठबंधन में छोटे दलों की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हम को छह-छह सीटें दी गई हैं, जो चुनाव में उनके स्थानीय और क्षेत्रीय प्रभाव को ध्यान में रखते हुए तय की गई हैं।
हालांकि सीट बंटवारे के ऐलान के बाद मांझी ने तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने कहा, ‘आलाकमान ने जो फैसला लिया है वो स्वीकार है। हमें सिर्फ 6 सीट देकर उन्होंने हमारी अहमियत कम आंकी है। इसका असर NDA पर पड़ सकता है।’ मांझी की पार्टी ने 4 सीटों पर कैंडिडेट्स का भी ऐलान कर दिया है। इमामगंज से दीपा मांझी, बराचट्टी से ज्योति देवी, टेकारी से अनिल कुमार और सिकंदरा से प्रफुल्ल कुमार मांझी को टिकट दिया गया है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: अयोध्या में पटाखा कारोबारी के मकान में विस्फोट, 8 की मौत, मलबे में बदला 2 मंजिला मकान

Ayodhya: रामनगरी अयोध्या में भदरसा-भरतकुंड नगर पंचायत के पगलाभारी गांव के एक मकान में हुए धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान की एक-एक ईंट बिखर गई। देर रात तक मलबे की तलाश में पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड की मदद से जुटी रही। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी की स्थिति रही। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर देर रात तक डटी रही। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कैंप कर रखा है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पगलाभारी गांव में पिछले साल भी रामकुमार गुप्त के घर पर विस्फोट हुआ था। इसमें दो मंजिला मकान मलबे में तब्दील हो गया था। इस घटना में चक्की पर आटा लेने आई गांव की ही एक लड़की के साथ रामकुमार की मां और पत्नी की मौत हुई थी।
घटना के बाद गांव की आक्रोशित महिलाओं ने अगले दिन विरोध प्रदर्शन किया था। गांव वाले बताते हैं कि इससे पहले भी तीन बार रामकुमार के घर पर विस्फोट हो चुका था। वर्ष 2024 में हुई घटना के बाद रामकुमार ने माना था कि वह पटाखे का कारोबार करता है। एक साथ पटाखे खरीदकर घर पर रख लेता था और उसकी बिक्री करता था।
पगलाभारी गांव में 13 अप्रैल 2024 को भी इसी रामकुमार गुप्ता के घर में विस्फोट हुआ था। विस्फोट में दो मंजिला मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया था। रामकुमार ने मकान में आटा चक्की लगा रखा था। पड़ोस के मौर्या का पुरवा गांव निवासी रामकुमार कोरी की बेटी प्रियंका (19) आटा लेने पहुंची थी। विस्फोट के बाद मकान के मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई थी।
मकान मालिक रामकुमार, उनकी मां शिवपता (65), पत्नी बिंदु (25), रामकुमार के बच्चे ईशा (9), लव (6) और यश (4) झुलस गए थे। अगले दिन रामकुमार की मां शिवपता की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के छठे दिन रामकुमार की पत्नी बिंदु गुप्ता की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हादसे की वजह अवैध पटाखों का भंडारण बताया था। हालांकि, मकान मालिक ने सिलिंडर फटने की बात कही थी। लेकिन, पुलिस को छानबीन में सिलिंडर के टुकड़े नहीं मिले थे।
100 मीटर दूर गिरे दरवाजे और खिड़कियां
पिछले साल की घटना के बाद से रामकुमार मधुपुर मार्ग पर गांव के बाहर मकान बनाकर रह रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राम कुमार गांव छोड़कर सड़क पर घर न बनाया होता और यह धमाका गांव में हुआ होता तो कई घर चपेट में आ जाते। धमाका इतना जोरदार था कि काफी दूर तक लोगों को इसकी आवाज सुनाई दी। मकान के दरवाजे और खिड़कियां 50 से 100 मीटर की दूरी पर जा गिरे। प्रशासन और पुलिस के अफसरों की मौजूदगी में दो जेसीबी से मलबा हटाकर खोजबीन जारी है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है।
ख़बर बिहार
Bihar SIR: फाइनल मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए एक भी आवेदन नहीं, 30 सितंबर को प्रकाशित हुई थी सूची

Bihar SIR: बिहार में फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित होने के बाद भी विपक्षी दल इस पर सवाल उठा रहे हैं। आरोप लगाया कि कई वैद्य वोटरों के नाम भी इस वोटर लिस्ट में काटे गए। इधर, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटने या फिर किसी तरह की गड़बड़ी होने पर जिलाधिकारी के सामने अपील करने की बात कही थी। लेकिन, 10 दिन बीच जाने के बाद भी किसी जिले से कोई अपील नहीं की गई। चुनाव आयोग ने इस बात की जानकारी दी।
जिला दंडाधिकारी को कोई अपील प्राप्त नहीं हुई है
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी जिलों का आंकड़ा जारी करते हुए कहा कि बिहार राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 के दौरान नौ अक्टूबर तक सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के संबंध में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 24(ए) के अंतर्गत जिला दंडाधिकारी को कोई अपील प्राप्त नहीं हुई है। बता दें कि चुनाव आयोग ने 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया था।
विज्ञापन
बिहार में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी
अंतिम मतदाता सूची में कुल 74192357 मतदाता
निर्वाचन आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की शुरुआत जून माह में की थी। इस कार्य से पहले 7 करोड़ 89 लाख मतदाता थे। इसके पुनरीक्षण कार्य के बाद कुल 65 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे थे। इनमें 22 लाख से अधित मृत मतदाता, करीब 35 लाख विस्थापित मतदाता थे। वहीं करीब सात लाख लोग ऐसे मतदाता थे, जिनका नाम दो जगह दर्ज था। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन्हें दावा आपत्ति के लिए 30 दिन का वक्त दिया था। इसके बाद मतदाता सूची प्रारूप में कुल 7 करोड़ 24 लाख 5 हजार बताए गए। एक अगस्त से एक सितंबर तक दावा आपत्ति के बाद तीन लाख 66742 मतदाता हटाए गए। वहीं 21 लाख 53343 योग्य मतदाता जोड़े गए। इस तरह 30 सितंबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 74192357 मतदाता हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर आया अपडेट, मथुरा पुलिस ने दी जानकारी

Mathura: वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के लाखों-करोड़ों फॉलोवर इन दिनों सोशल मीडिया पर आ रही उनके स्वास्थ्य से जुड़ी ख़बरों को लेकर चिंतित हैं। लेकिन मथुरा पुलिस ने उनके लिए राहत भरा अपडेट दिया है। मथुरा पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट ने संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर चल रही झूठी और निराधार अफवाहों का कड़ा संज्ञान लेते हुए आधिकारिक तौर पर खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूज्य संत पूर्णत: स्वस्थ हैं। मथुरा पुलिस के सोशल मीडिया(X) हैंडल पर जारी संदेश में कहा गया है कि ‘अवगत कराना है कि परम पूज्य संत प्रेमानंद महाराज पूर्णत: स्वस्थ हैं। कृपया झूठी व निराधार अफवाह न फैलाएं अन्यथा आपके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’

बता दें कि संत प्रेमानंद महाराज के दुनियाभर में लाखों फॉलोवर हैं। सोशल मीडिया पर उनके प्रवचन सुनकर न जाने कितने लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव हुआ है। खासतौर पर युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता बहुत अधिक है। संत प्रेमानंद महाराज को मानने वालों में दूसरे धर्मों के लोग भी अच्छी खासी संख्या में हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर ख़बरें लोगों को परेशान कर देती हैं। मथुरा पुलिस की चेतावनी के बाद उम्मीद है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर लगाम लगेगी।
ख़बर बिहार
Bihar Election 2025: बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को आएंगे नतीजे

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का चुनाव आयोग ने आज ऐलान कर दिया। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर 2 चरण में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। चुनाव आयोग ने सोमवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। बिहार में लगभग 40 साल बाद दो फेज में चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले 1985 में चुनाव 2 चरणों में हुए थे। चुनाव के ऐलान से काउंटिंग तक की पूरी प्रक्रिया कुल 40 दिन चलेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव की अहम तारीखें
पहला चरण
- नोटिफिकेशन – 10 अक्टूबर
- नामांकन की आखिरी तारीख – 17 अक्टूबर
- नामांकन पत्रों की जांच की तारीख – 18 अक्टूबर
- नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख – 20 अक्टूबर
- विधानसभा चुनाव के लिए मतदान – 6 नवंबर
दूसरा चरण
- नोटिफिकेशन – 13 अक्टूबर
- नामांकन की आखिरी तारीख – 20 अक्टूबर
- नामांकन पत्रों की जांच की तारीख – 21 अक्टूबर
- नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख – 23 अक्टूबर
- विधानसभा चुनाव के लिए मतदान – 11 नवंबर
बिहार में विधानसभा सीटों पर एक नजर
- राज्य में कुल सीटें- 243
- सामान्य सीट- 203
- एसटी सीट – 02
- एससी सीट – 38