ख़बर मध्यप्रदेश
छतरपुर में दर्दनाक हादसा: 70 फीट गहरे कुएं में गिरा ट्रैक्टर, किसान और 10 साल के बेटे की मौत

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में किसान और उसके 10 साल के बेटे की मौत हो गई। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के समय किसान का 10 साल का बेटा भी ट्रैक्टर पर सवार था। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना की है।
हादसे के दौरान किसान की 12 साल की बेटी राशि खेत में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता और छोटे भाई को ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरते देखा। वह चीखते हुए अपने चाचा को बुलाने पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया।
70 फीट गहरा था कुआं, 20 फीट तक भरा था पानी
खेत में बने कुएं की गहराई करीब 70 फीट बताई गई है। हादसे के समय उसमें लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ था। ट्रैक्टर सीधे कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी बाहर निकाला गया। रात करीब 7:10 बजे दो लोग शव निकालने के लिए कुएं में उतरे। रेस्क्यू के दौरान ट्रैक्टर को भी बाहर निकाल लिया गया।
धनतेरस पर ही खरीदा था ट्रैक्टर
परिवार के लिए यह हादसा दोहरी त्रासदी बन गया। संतोष यादव ने धनतेरस के दिन ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। उसी ट्रैक्टर से खेत की जुताई करते समय यह हादसा हो गया।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
संतोष का बेटा दुर्गेश कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह अपनी दो बड़ी बहनों आयुषी (14) और राशि (12) के बीच इकलौता भाई था। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ख़बर मध्यप्रदेश
उज्जैन में रेलवे का बुलडोजर एक्शन: माधव नगर स्टेशन के पास मस्जिद, मजार और शाही मकबरा हटाया; 15 हजार वर्गफीट जमीन खाली

उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में रेलवे ने शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। माधव नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास रेलवे की जमीन पर बने मस्जिद कलंदरी, मजार, शाही मकबरे और अन्य निर्माणों को जेसीबी से हटाया गया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई 11 बजे तक चली। इसके लिए 6 जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं।
रेलवे के मुताबिक, करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर अतिक्रमण था। इसे खाली कराने के बाद यहां सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा।
6 जेसीबी से हटाए गए निर्माण, भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर 100 से अधिक RPF जवानों के साथ GRP और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे ने कार्रवाई की निगरानी की। सुबह से शुरू हुआ अभियान करीब छह घंटे तक चला।
हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद कार्रवाई
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, संबंधित जमीन रेलवे की है। इस पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जमीन खाली होने से स्टेशन परिसर के विस्तार और सिंहस्थ की तैयारियों में मदद मिलेगी।
वक्फ कमेटी ने जताया विरोध, कोर्ट जाने की चेतावनी
दूसरी ओर, कार्रवाई को लेकर वक्फ कमेटी ने आपत्ति जताई है। कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आरोप लगाया कि मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और मजारों को गलत तरीके से हटाया गया है। कमेटी का दावा है कि जमीन से संबंधित मामला भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है। उसने कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट में अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ महापर्व आयोजित होना है। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है। रेलवे की योजना है कि खाली कराई गई 15 हजार वर्गफीट जमीन पर होल्डिंग और वेटिंग एरिया बनाया जाए। इससे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और प्लेटफॉर्म पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MPPSC Exam Calendar 2027: आयोग ने जारी किया 25 परीक्षाओं का कैलेंडर, राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी को प्रस्तावित

इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार राज्य सेवा परीक्षा कराने के फैसले के बाद जारी इस कैलेंडर को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे अभ्यर्थियों को एक ही साल में परीक्षा में शामिल होने के दो अवसर मिल सकेंगे।
24 जनवरी को राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा
आयोग के प्रस्तावित कैलेंडर के अनुसार, राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। इसके बाद राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 7 मार्च को प्रस्तावित है।
18 अप्रैल को पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी तथा उप संचालक एवं सहायक संचालक (तकनीकी) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल और राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (विशेष) 2 मई को प्रस्तावित है।
मई में होगी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई 2027 तक आयोजित करने का प्रस्ताव है। वहीं, सहायक कुलसचिव परीक्षा 30 मई को होगी। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा की संभावित तारीखें घोषित होने से अभ्यर्थियों को तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
जून से अगस्त तक इन परीक्षाओं का कार्यक्रम
आयोग के कैलेंडर में जून से अगस्त तक विभिन्न विभागों के पदों के लिए परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
- 27 जून: आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, यूनानी चिकित्सा अधिकारी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी।
- 4 जुलाई: सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल।
- 25 जुलाई: सहायक प्रबंधक।
- 1 अगस्त: खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- 9 से 14 अगस्त: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (विशेष)।
आयोग के अनुसार, ये तारीखें प्रस्तावित हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित अंतिम कार्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और अन्य निर्देशों के लिए MPPSC की आधिकारिक सूचनाएं देखते रहना चाहिए।
परीक्षा की महत्वपूर्ण तारीखें
| परीक्षा | प्रस्तावित तारीख |
|---|---|
| राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक | 24 जनवरी 2027 |
| राज्य अभियांत्रिकी सेवा | 14 फरवरी 2027 |
| राज्य पात्रता परीक्षा (SET) | 7 मार्च 2027 |
| पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, ADPO और तकनीकी पद | 18 अप्रैल 2027 |
| राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा | 25 अप्रैल 2027 |
| राज्य सेवा प्रारंभिक (विशेष) | 2 मई 2027 |
| राज्य सेवा मुख्य परीक्षा | 10–15 मई 2027 |
| सहायक कुलसचिव | 30 मई 2027 |
| आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी | 27 जून 2027 |
| सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल | 4 जुलाई 2027 |
| सहायक प्रबंधक | 25 जुलाई 2027 |
| खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी | 1 अगस्त 2027 |
| राज्य सेवा मुख्य (विशेष) | 9–14 अगस्त 2027 |
नोट: ये प्रस्तावित तारीखें हैं। अंतिम परीक्षा कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक अधिसूचना से ही मान्य होगा।
ख़बर मध्यप्रदेश
Kuno National Park: कूनो में मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया, देश में चीतों की संख्या 62 हुई

श्योपुर: मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी आई है। बोत्सवाना से भारत लाई गई मादा चीता KOMG 3 ने शुक्रवार, 20 नवंबर को चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि मादा चीता ने खुले जंगल में प्राकृतिक परिस्थितियों में शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 चीते भारत में जन्मे हैं।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए परियोजना से जुड़े अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
ढाई साल की KOMG 3 पहली बोत्सवाना मूल की मां बनी
KOMG 3 करीब ढाई साल की मादा चीता है, जिसे फरवरी 2026 में बोत्सवाना से भारत लाया गया था। भारत आने के बाद इसे अनुकूलन प्रक्रिया से गुजारा गया और चार महीने से अधिक समय तक खुले जंगल में रहने के बाद इसने शावकों को जन्म दिया।
खास बात यह है कि KOMG 3 भारत में शावकों को जन्म देने वाली बोत्सवाना मूल की पहली मादा चीता बन गई है। चारों शावक स्वस्थ बताए गए हैं।
प्रोजेक्ट चीता के तहत जंगल में दूसरा सफल जन्म
साल 2022 में शुरू हुए प्रोजेक्ट चीता के बाद खुले जंगल में दर्ज यह दूसरी सफल बर्थ है। इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने कूनो में चार शावकों को जन्म दिया था।
खुले जंगल में प्रजनन को चीता पुनर्स्थापन अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है, क्योंकि इससे चीतों के प्राकृतिक वातावरण में रहने और प्रजनन करने की क्षमता का पता चलता है।
2022 में नामीबिया से आए थे पहले 8 चीते
भारत में चीतों को फिर से बसाने के लिए 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रोजेक्ट चीता शुरू किया गया था। इस दौरान नामीबिया से आठ चीते लाकर कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए थे।
इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते भारत लाए गए। वहीं फरवरी 2026 में बोत्सवाना से नौ चीते लाए गए।
अब भारत में चीतों की आबादी 62 तक पहुंच गई है। इनमें 43 भारत में जन्मे हैं। नए शावकों के जन्म से देश में चीतों की अगली पीढ़ी विकसित करने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
CM मोहन यादव ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कूनो में चार शावकों के जन्म पर खुशी जताई है। उन्होंने इस उपलब्धि को मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय बताया और वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों तथा वनकर्मियों को बधाई दी।
ख़बर मध्यप्रदेश
जबलपुर: ढाबे के बाहर मौत बनकर दौड़ा ट्रक, आग ताप रहे 5 लोगों को कुचला, 3 की मौत

जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब 3 बजे शहपुरा-जबलपुर मार्ग पर राजा फैमली ढाबे के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए ट्रक पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन दो हिस्सों में बंट गया, जबकि कुछ वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे।
तीन मृतकों की हुई पहचान, ढाबा कर्मचारी भी शामिल
सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक का नंबर MP 20 HB 1200 है। ट्रक शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
चश्मदीद बोले- टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन गड्ढे में जा गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद सड़क किनारे खड़े वाहन उछलकर गड्ढे में जा गिरे। एक वाहन के दो हिस्से हो गए। ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके और अपनी गाड़ियों में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
खाना खाने रुके थे, गड्ढे में जा गिरा लोडिंग वाहन
देवास निवासी लोडिंग वाहन चालक बंसीलाल ने बताया कि वे ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके थे। उनका वाहन सड़क किनारे खड़ा था और वे ढाबे के अंदर बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो और कार को टक्कर मारते हुए उनके वाहन को भी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर के बाद उनका वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। वे इस हादसे में सुरक्षित बच गए, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया
भेड़ाघाट थाने में पदस्थ एएसआई तेजराम के मुताबिक, हादसे के समय कुछ पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
ट्रक चालक के नशे में होने का आरोप, जांच के बाद होगी पुष्टि
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी स्थिति मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: प्रदेश में 5 नए औद्योगिक पार्क बनेंगे, ₹70,650 करोड़ का निवेश और 3.14 लाख रोजगार का लक्ष्य

भोपाल: मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मंदसौर जिले के गांधीसागर में बुधवार को हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में प्रदेश में 5 नए औद्योगिक पार्क विकसित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 70,650 करोड़ रुपए का निवेश आने और लगभग 3.14 लाख रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
बैठक में उज्जैन में 855 करोड़ रुपए की लागत से फॉरेस्ट जू और रेस्क्यू सेंटर बनाने को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा सरकारी नौकरी में दो बच्चों की शर्त खत्म करने का फैसला लिया गया।
5 औद्योगिक पार्कों से 3.14 लाख रोजगार की उम्मीद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इनसे 70,650 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है।
सरकार का अनुमान है कि इन औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से करीब 3.14 लाख रोजगार के अवसर तैयार होंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
उज्जैन में ₹855 करोड़ से बनेगा फॉरेस्ट जू
कैबिनेट ने उज्जैन में 855 करोड़ रुपए की लागत से फॉरेस्ट जू और रेस्क्यू सेंटर बनाने की मंजूरी दी है। इस परियोजना से वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने की योजना है।
सरकारी नौकरी में दो बच्चों की शर्त खत्म
कैबिनेट बैठक में सरकारी नौकरी से जुड़ी दो बच्चों की शर्त खत्म करने का भी फैसला लिया गया। इस निर्णय से तीन बच्चों वाले उम्मीदवारों को सरकारी भर्ती में अयोग्य ठहराने वाली व्यवस्था समाप्त करने का रास्ता साफ हुआ है। इसके साथ ही तीसरी संतान के आधार पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े मामलों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
चंबल सफारी और आरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सभी मंत्रियों के साथ चंबल सफारी पर निकले। इसके बाद उन्होंने चंबल आरती में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन के तहत 40.50 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाली 5 ईको टूरिज्म परियोजनाओं और पर्यटक सुविधाओं का भूमिपूजन भी किया।
बैठक के बाद खिमला प्लांट के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री
कैबिनेट की प्रेस ब्रीफिंग के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगभग सभी मंत्रियों के साथ मिनी बस में सवार होकर नीमच जिले में बन रहे खिमला प्लांट के लिए रवाना हुए।
मोहन सरकार की यह 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक थी। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम गांधीसागर पहुंचे थे। उन्होंने हिंगलाज रिसॉर्ट में मीडिया से चर्चा की और इसके बाद गांधीसागर टेंट सिटी में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने रात में गांधीसागर में ही विश्राम किया।
Film Studio8 hours agoRamayana Collection: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने 17वें दिन कमाए ₹27.40 करोड़, दुनियाभर में ₹1,616 करोड़ का कलेक्शन, 1,600 करोड़ क्लब में शामिल
ख़बर देश9 hours agoकोटा-उदयपुर हाईवे हादसा, खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक परिवार के 9 लोगों की मौत
ख़बर उत्तरप्रदेश3 hours agoअयोध्या से जनकपुर धाम के लिए 28 नवंबर से चलेगी सीधी ट्रेन, 604 किमी का सफर 19 घंटे में होगा पूरा
ख़बर छत्तीसगढ़9 hours agoछत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM विष्णुदेव साय ने वेतन विसंगति और प्रमोशन की मांगों पर बनाई उच्चस्तरीय समिति
















