ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: श्री बांके बिहारी ट्रस्ट विधेयक विधानसभा में पेश, चढ़ावे, दान और सभी चल-अचल संपत्तियों पर ट्रस्ट का होगा हक

Lucknow: उत्तरप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन आज श्री बांके बिहारी मंदिर न्यास विधेयक, 2025 समेत तीन विधेयकों को पेश किया गया। श्री बांके बिहारी मंदिर न्यास विधेयक स्पष्ट करता है कि मंदिर के चढ़ावे, दान और सभी चल-अचल संपत्तियों पर न्यास का अधिकार होगा। इसमें मंदिर में स्थापित मूर्तियां, मंदिर परिसर और प्रसीमा के भीतर देवताओं के लिए दी गई भेंट/उपहार, किसी भी पूजा-सेवा-कर्मकांड-समारोह-धार्मिक अनुष्ठान के समर्थन में दी गई संपत्ति, नकद या वस्तु रूपी अर्पण, तथा मंदिर परिसर के उपयोग के लिए डाक/तार से भेजे गए बैंक ड्राफ्ट और चेक तक शामिल हैं। मंदिर की संपत्तियों में आभूषण, अनुदान, योगदान, हुंडी संग्रह सहित श्री बांके बिहारी जी मंदिर की सभी चल एवं अचल संपत्तियां सम्मिलित मानी जाएंगी।
सरकार ने कहा है कि न्यास का गठन स्वामी हरिदास की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए किया गया है। स्वामी हरिदास के समय से चली आ रही रीति-रिवाज, त्योहार, समारोह और अनुष्ठान बिना किसी हस्तक्षेप या परिवर्तन के जारी रहेंगे। न्यास दर्शन का समय तय करेगा, पुजारियों की नियुक्ति करेगा और वेतन, भत्ते/प्रतिकर निर्धारित करेगा। साथ ही भक्तों और आगंतुकों की सुरक्षा तथा मंदिर के प्रभावी प्रशासन और प्रबंधन की जिम्मेदारी भी न्यास पर होगी।
न्यास गठन के बाद श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रसाद वितरण, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए अलग दर्शन मार्ग, पेयजल, विश्राम हेतु बेंच, पहुंच एवं कतार प्रबंधन कियोस्क, गौशालाएं, अन्नक्षेत्र, रसोईघर, होटल, सराय, प्रदर्शनी कक्ष, भोजनालय और प्रतीक्षालय जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
ऐसा होगा श्री बांके बिहारी मंदिर न्यास
– 11 मनोनीत और 7 पदेन सदस्य होंगे।
– मनोनीत सदस्य: वैष्णव परंपराओं/संप्रदायों/पीठों से 3 प्रतिष्ठित सदस्य (जिनमें साधु-संत, मुनि, गुरु, विद्वान, मठाधीश, महंत, आचार्य, स्वामी सम्मिलित हो सकते हैं)।
– सनातन धर्म की परंपराओं/संप्रदायों/पीठों से 3 सदस्य (उसी श्रेणी के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व)।
– सनातन धर्म की किसी भी शाखा/संप्रदाय से 3 सदस्य (प्रतिष्ठित व्यक्ति/शिक्षाविद/विद्धान/उद्यमी/वृत्तिक/समाजसेवी)।
– गोस्वामी परंपरा से 2 सदस्य- स्वामी हरिदास जी के वंशज; एक राज-भोग सेवादारों और दूसरा शयन-भोग सेवादारों का प्रतिनिधि.सभी मनोनीत सदस्य सनातनी हिंदू होंगे। उनका कार्यकाल 3 वर्ष का होगा
पदेन सदस्य- मथुरा के जिला मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद के सीईओ, बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट के सीईओ और राज्य सरकार का नामित प्रतिनिधि शामिल होंगे। यदि कोई पदेन सदस्य सनातन धर्म को नहीं मानने वाला/गैर-हिंदू हुआ, तो उसकी जगह उससे कनिष्ठ अधिकारी को नामित किया जाएगा।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Vrindavan boat accident: वृंदावन नाव हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत, 22 रेस्क्यू; 4 लापता, यमुना में जारी सर्च ऑपरेशन

Vrindavan boat accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी 4 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी समेत करीब 250 जवान 14 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई। घाट बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। यहां पानी की गहराई लगभग 25 फीट बताई गई है। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई, जिनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा शामिल हैं।
क्यों नहीं मिल पा रहे लापता?
रेस्क्यू टीम के मुताबिक यमुना का बहाव तेज है। जिससे शव बहकर दूर जा सकते हैं। साथ ही उनके गाद और रेत में दबने की आशंका भी है। हालांकि 24 घंटे बाद शव ऊपर आ सकते हैं। देवरहा बाबा घाट के पास एक शव बरामद किया गया, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: UP में शिक्षा मित्र-अनुदेशकों की सैलरी बढ़ी, 9 साल बाद बड़ा फैसला, अब ₹18,000 तक मानदेय

Lucknow: उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार शाम सैलरी बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। अब शिक्षा मित्रों को ₹18,000 और अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जबकि बढ़ा हुआ वेतन 1 मई से खातों में आना शुरू होगा। करीब 9 साल बाद यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
कितनी बढ़ी सैलरी
शिक्षा मित्र: ₹10,000 से बढ़कर ₹18,000
अनुदेशक: ₹9,000 से बढ़कर ₹17,000
कितने लोगों को फायदा
प्रदेश में 1,42,229 शिक्षा मित्र, 24,717 अनुदेशक हैं, यानी कुल मिलाकर लगभग 1.67 लाख कर्मचारियों को सरकार के फैसले का सीधा लाभ मिलेगा। इस फैसले से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
CM योगी ने पहले ही घोषणा की थी कि शिक्षा मित्रों का ट्रांसफर भी किया जाएगा। परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather Update: बारिश से ठंडा हुआ मौसम, 7-8 अप्रैल को फिर आंधी-तूफान का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तरप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का नया सिस्टम है, जो 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा और 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा।
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। हालांकि 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार के साथ तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 7 अप्रैल से शुरू होने वाला यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखाएगा। वहीं 9 अप्रैल को इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 10 अप्रैल से मौसम के फिर शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: CM योगी की मां पर आपत्तिजनक बयान देने वाला मौलाना गिरफ्तार, UP STF ने बिहार से दबोचा

Lucknow: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित आपत्तिजनक बयान देने वाले मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी को यूपी STF ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के पूर्णिया/अररिया क्षेत्र से दबोचा गया। जानकारी के मुताबिक यूपी STF ने खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौलाना को बिहार के जोकीहाट क्षेत्र से हिरासत में लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में उसे उत्तर प्रदेश लाया गया और जेल भेज दिया गया।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जो रमजान के दौरान सामने आया था। इसमें मौलाना पर सीएम योगी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद यूपी में विरोध बढ़ गया था और कार्रवाई की मांग उठी थी।
दो FIR दर्ज, जांच तेज
इस मामले में उत्तर प्रदेश में दो FIR दर्ज की गई थीं, जिसके बाद STF ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह बयान एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मौलाना ने मांगी माफी
गिरफ्तारी के बाद मौलाना अब्दुल सलीम ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, PM मोदी बोले- वैश्विक संकट में एकजुट रहें

Noida International Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार दोपहर इसका उद्घाटन किया। यह एयरपोर्ट अभी देश का सबसे बड़ा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट माना जा रहा है। इसके सभी चार फेज पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा।
वैश्विक संकट पर PM का संदेश
उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का जिक्र किया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि इस वैश्विक संकट का सामना धैर्य और एकजुटता के साथ करें। उन्होंने राजनीतिक दलों को भी नसीहत देते हुए कहा कि संकट के समय ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे देश को नुकसान हो।
एयरपोर्ट की खासियतें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला फेज करीब 3300 एकड़ में विकसित किया गया है। इसमें एक रनवे और आधुनिक टर्मिनल बनाया गया है, जिसकी सालाना क्षमता लगभग 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। इस फेज के निर्माण पर करीब 11 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पूरे प्रोजेक्ट को 52 वर्ग किलोमीटर में विकसित किया जाना है और इसकी पूर्णता की समयसीमा 2040 तय की गई है।
20 मिनट में बोर्डिंग की सुविधा
इस एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को एंट्री से लेकर बोर्डिंग तक 20 मिनट से कम समय लगेगा, जिससे ट्रैवल अनुभव तेज और आसान होगा।
मई से उड़ानें शुरू होने की संभावना
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, यहां से फ्लाइट संचालन मई 2026 से शुरू हो सकता है।
एशिया में दूसरी सबसे बड़ी सुविधा
फिलहाल एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट Beijing Daxing International Airport है, जिसका क्षेत्रफल 47 वर्ग किलोमीटर है। जेवर एयरपोर्ट के सभी फेज पूरे होने के बाद यह उससे भी बड़ा हो जाएगा।
















