ख़बर दुनिया
Titan Submarine में सवार सभी 5 यात्रियों की मौत, टाइटैनिक जहाज का मलबा देखने गए थे यात्री

Titan Submarine: टाइटैनिक जहाज(Titanic Ship) का मलबा दिखाने के लिए पर्यटकों को लेकर रवाना हुई टाइटन पनडुब्बी में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई है। हालांकि अभी तक किसी के शव को बरामद नहीं किया जा सका है। टाइटन से बीते रविवार से संपर्क टूट गया था। कनाडा के एक खोजी जहाज पर तैनात मानवरहित रोबोट ने शुक्रवार को टाइटन पनडुब्बी के मलबे तक पहुंचने में सफल रही। टाइटन का मलबा टाइटैनिक जहाज के मलबे से भी 1600 फीट(488 मीटर) नीचे बरामद हुआ है।
ओशनगेट ने की सभी यात्रियों की मौत की पुष्टि
टाइटन का संचालन करने वाली कंपनी ओशनगेट ने आधिकारिक तौर पर सभी यात्रियों की मौत की पुष्टि करते हुए दुख जताया है। बता दें कि टाइटन पनडुब्बी हादसे ओशनगेट कंपनी के सीईओ और संस्थापक स्टॉकटन रश भी शामिल हैं। ओशनगेट की तरफ से जारी बयान में कहा है कि अब हम मानते हैं कि हमने हमारे सीईओ स्टॉकटन रश, शहजादा दाउद और उनके बेटे सुलेमान दाउद, हामिश हार्डिंग और पॉल हेनरी नार्जियोलेट को खो दिया है।
टाइटन को ढूंढ़ने में लगे थे कई देश
टाइटन सबमरीन में सवार 5 जिंदगियों को बचाने के लिए अमेरिकी कोस्ट गार्ड, फ्रांसीसी जहाज, कनाडाई सैन्य विमान, टेलीगाइडेड रोबोट के अलावा कुछ सबमरीन्स को भी लगाया गया था। टाइटन सबमरीन 18 जून को अटलांटिक महासागर में उतारने के 1 घंटे 45 मिनट बाद रडार से गायब हो गई थी। पनडुब्बी के संपर्क टूटने के करीब आठ घंटे बाद यूएस कोस्टगार्ड को इसका अलर्ट मिला। जिसके बाद उसने बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य देश भी इसमें शामिल हो गए। उत्तरी अटलांटिक महासागर के 300 मील के दायरे में खोज अभियान चलाया जा रहा था।
पनडुब्बी के डूबने की वजह का खुलासा नहीं
टाइटन पनडुब्बी आखिर कैसे हादसे का शिकार होकर समुद्र में समा गई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसके ऑक्सीजन टैंक में विस्फोट के बाद या पनडुब्बी के किसी उपकरण में विस्फोट हुआ हो और टाइटन डूब गई हो। टाइटन का संचालन करने वाली कंपनी ओशनगेट ने कहा है कि वो मलबे की विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों का खुलासा कर पाएगी।
कैप्सूल के आकार की थी ‘टाइटन’
ओशनगेट कंपनी की पनडुब्बी टाइटन की लंबाई 6.7 मीटर, चौड़ाई 2.8 मीटर और 2.5 मीटर ऊंची थी। इस पनडुब्बी में यात्रियों के लिए 96 घंटे का ऑक्सीजन सपोर्ट होने का दावा किया गया था। इसके अलावा सीमित मात्रा में खाना-पानी की व्यवस्था थी। पनडुब्बी में सभी यात्रियों को फर्श पर ही बैठना पड़ता था, क्योंकि इसमें कोई सीट नहीं थी। टाइटैनिक का मलबा 12500 फीट की गहराई में है। टाइटन सबमरीन के मलबे तक आने-जाने का कुल सफर आठ घंटे का था। जिसमें जाने के 2 घंटे, टाइटैनिक के मलबे को देखने के 4 घंटे और वापस आने के लिए 2 घंटे लगते थे।
हर यात्री को चुकाने पड़ते थे 2 करोड़
टाइटन पनडुब्बी की संचालक ओशनगेट कंपनी टाइटैनिक का मलबा दिखाने के लिए हर यात्री से 2,50,000 डॉलर (2 करोड़ रुपए से अधिक) वसूलती थी। 18 जून को यात्रा पर निकली टाइटन में ओशनगेट कंपनी के सीईओ स्टॉकटन रश, ब्रिटेन के अरबपति बिजनेसमैन हमीश हार्डिंग, फ्रांस के डाइवर पॉल हेनरी, पाकिस्तान के अरबपति शहजादा दाउद और उनका बेटा सुलेबान दाउद सवार थे।
ये भी पढ़ें:
https://khabritaau.com/pm-modi-got-standing-ovation-15-times-in-us-congress/
ख़बर दुनिया
बांग्लादेश ने शेख हसीना की वापसी की योजना ठुकराई: 16 दिसंबर को लौटने पर गिरफ्तारी की चेतावनी, सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी

ढाका/नई दिल्ली: बांग्लादेश सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को देश लौटने की योजना को खारिज कर दिया है। बांग्लादेश के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यदि हसीना वापसी की कोशिश करती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। इस बीच, बांग्लादेश-भारत सीमा पर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने निगरानी और गश्त बढ़ा दी है।
शेख हसीना ने ढाका सरकार से आग्रह किया था कि दिल्ली से उनकी वापसी के लिए राष्ट्रीय एयरलाइन ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ की व्यवस्था की जाए। साथ ही यात्रा के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने में मदद की जाए। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनके इस आग्रह को स्वीकार नहीं किया है।
सरकार ने क्या कहा?
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने विदेशी राजनयिकों को देश के मौजूदा राजनीतिक हालात और सरकार के रुख की जानकारी दी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शेख हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं, जो अपनी मर्जी से देश लौट आएं। सरकार के मुताबिक, उनकी वापसी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए ही हो सकती है।
कबीर ने कहा कि हसीना को लौटने की अनुमति तभी मिल सकती है, जब वह प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत आएं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी वापसी पर उन्हें हथकड़ी या कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।
अवामी लीग पर भी लगाए आरोप
राजनयिकों को दी गई जानकारी में बांग्लादेश सरकार ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित अवामी लीग और उससे जुड़े लोग हिंसा तथा तोड़फोड़ की गतिविधियों में शामिल हैं। सरकार ने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विदेश राज्य मंत्री ने भी अवामी लीग पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए। ये सरकार के आरोप हैं, स्वतंत्र रूप से साबित तथ्य नहीं।
2024 में भारत आई थीं हसीना
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के एक ट्रिब्यूनल ने उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों को खारिज किया है। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है।
ख़बर दुनिया
अमेरिका में 90 दिन के ब्लैकआउट की अफवाह से मची हलचल: ग्रोसरी स्टोर्स पर उमड़ी भीड़, पानी-खाना जमा कर रहे लोग; ट्रंप बोले- सब ठीक है

वॉशिंगटन: अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली गुल रहने की आशंका से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। कई जगहों पर लोग बोतलबंद पानी, लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला खाना, प्रोपेन और कैंपिंग से जुड़ा सामान खरीदकर जमा कर रहे हैं। हालांकि, अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली बंद करने या पावर ग्रिड ठप होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि देश में लंबे समय तक ब्लैकआउट हो सकता है और लोगों को पहले से जरूरी सामान जुटा लेना चाहिए। इसी वजह से कुछ इलाकों में ग्रोसरी और इमरजेंसी सप्लाई स्टोर्स पर खरीदारी बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।
ट्रंप और वेंस ने लोगों से कहा- घबराने की जरूरत नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में लोगों को शांत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक है और अगर कोई समस्या होगी तो वे लोगों को इसकी जानकारी देंगे। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ऐसी आशंकाओं को खारिज किया। उन्होंने बताया कि उनके कुछ दोस्तों ने उनसे पूछा था कि क्या उन्हें बंकर बनाने या खाने-पीने का सामान जमा करने की जरूरत है। वेंस ने जवाब दिया कि इसकी बिल्कुल जरूरत नहीं है।
कैलिफोर्निया, ओहियो और ओक्लाहोमा में बढ़ी खरीदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, कैलिफोर्निया, ओहियो और ओक्लाहोमा के कुछ स्टोर्स में लोगों को जरूरत का सामान जमा करते देखा गया। बोतलबंद पानी, प्रोपेन, लंबे समय तक खराब न होने वाला खाना और कैंपिंग उपकरण जैसी चीजों की मांग बढ़ने की बात कही गई है। कुछ ग्राहकों ने सामान्य से ज्यादा मात्रा में सामान खरीदा। हालांकि, खरीदारी में बढ़ोतरी को पूरे अमेरिका में किसी संभावित ब्लैकआउट का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
पेंटागन के 90 दिन वाले प्लान से फैली अफवाह
इस पूरे मामले को पेंटागन की FORTRESS America पहल से जोड़कर देखा जा रहा है। 30 सितंबर 2026 को घोषित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बिजली, ऊर्जा और जरूरी सप्लाई में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि बाहरी पावर ग्रिड में रुकावट आने पर भी सैन्य कामकाज जारी रह सके।
रिपोर्टों के मुताबिक, इस योजना के तहत सैन्य ठिकानों को 90 दिनों तक बाहरी सहायता के बिना काम करने लायक बनाने की तैयारी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आम नागरिकों की बिजली 90 दिनों के लिए बंद की जाएगी।
ट्रंप का वीडियो भी निकला एडिटेड
सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में ट्रंप को कथित तौर पर 90 दिनों के ब्लैकआउट की चेतावनी देते दिखाया गया। फैक्ट-चेक में सामने आया कि वीडियो को एडिट करके उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया था। ट्रंप ने 9 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसी कोई घोषणा नहीं की थी।
17 नवंबर को अमेरिका में इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का राष्ट्रव्यापी टेस्ट भी निर्धारित था। यह नियमित परीक्षण था, ब्लैकआउट का संकेत नहीं। अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने भी कहा कि लोगों को बिजली, पानी या खाद्य आपूर्ति ठप होने की आशंका में सामान जमा करने की जरूरत नहीं है।
ख़बर दुनिया
APEC समिट में ट्रम्प, जिनपिंग और पुतिन एक साथ आए नजर; कल होगी पहली त्रिपक्षीय बैठक

APEC Summit 2026: चीन में आयोजित एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट में बुधवार को दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों के नेता एक साथ नजर आए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने समिट के दौरान मुलाकात की। तीनों नेताओं के बीच गुरुवार, 19 नवंबर को पहली औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। इसमें ईरान युद्ध, यूक्रेन संघर्ष, परमाणु हथियारों और वैश्विक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और निरस्त्रीकरण का मुद्दा भी अमेरिकी एजेंडे में शामिल बताया गया है।
जिनपिंग ने एयरपोर्ट पहुंचकर किया ट्रम्प का स्वागत
APEC समिट में शामिल होने शेनझेन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का स्वागत करने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुद एयरपोर्ट पहुंचे। शेनझेन के बाओआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से मुलाकात की और हाथ मिलाया।
जिनपिंग का यह कदम खास माना जा रहा है, क्योंकि चीन में आमतौर पर किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत के लिए वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पहुंचते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब सात दशक बाद चीन के सर्वोच्च नेता ने किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया।
इससे पहले सितंबर में अमेरिका यात्रा के दौरान ट्रम्प और उनकी पत्नी ने भी एयरपोर्ट पर जिनपिंग का स्वागत किया था। चीन ने इसे पारस्परिक सम्मान और शिष्टाचार की परंपरा बताया।
जिनपिंग बोले- बातचीत से अमेरिका के साथ रिश्ते बेहतर होंगे
ट्रम्प के स्वागत के दौरान जिनपिंग ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच बातचीत से द्विपक्षीय संबंधों में सुधार होगा और स्थिरता आएगी।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने अमेरिका के साथ रचनात्मक और स्थिर संबंध आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
ट्रम्प ने भी जिनपिंग के व्यक्तिगत स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चीन आकर उन्हें खुशी हुई है और उन्हें उम्मीद है कि यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
APEC CEO समिट में जिनपिंग ने खुले व्यापार पर दिया जोर
APEC CEO समिट में अपने संबोधन के दौरान जिनपिंग ने वैश्विक व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने प्रमुख रूप से इन मुद्दों पर जोर दिया:
– खुले व्यापार को बढ़ावा: सभी देशों को व्यापार और निवेश के लिए खुले अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
– WTO की व्यवस्था बनाए रखना: विश्व व्यापार संगठन (WTO) के केंद्र में रहने वाली बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।
– सप्लाई चेन की स्थिरता: वैश्विक औद्योगिक और सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
– उद्योगों और तकनीक में निवेश: चीन अपने उद्योगों को मजबूत करने और नई तकनीक विकसित करने में निवेश जारी रखेगा।
– टैरिफ और संरक्षणवाद: चीन ने बाजार को और खोलने, आयात शुल्क घटाने तथा संरक्षणवादी नीतियों और एकतरफा फैसलों का विरोध करने की बात कही।
APEC समिट में 21 अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल
APEC की 33वीं इकोनॉमिक लीडर्स मीटिंग 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में आयोजित की जा रही है। इसमें एशिया-पैसिफिक क्षेत्र की 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
इनमें अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया सहित कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं।
चीन इस साल तीसरी बार APEC समिट की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले वह 2001 और 2014 में भी इसकी मेजबानी कर चुका है।
इस साल समिट की थीम ‘Building an Asia-Pacific Community to Prosper Together’ रखी गई है। इसका अर्थ है- मिलकर समृद्ध होने वाला एशिया-पैसिफिक समुदाय। समिट में व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार और क्षेत्रीय सहयोग प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।
ख़बर दुनिया
ट्रम्प ने मोदी को बताया ‘सख्त इंसान’, मनीला में क्वाड बैठक के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात

Quad Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों की बैठक के दौरान मिले। इस मुलाकात में ट्रम्प ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें सख्त इंसान बताया। मोदी ने भी कहा कि ट्रम्प के साथ उनकी अक्सर बातचीत होती है और आज की क्वाड बैठक भविष्य की नींव मजबूत करेगी।
क्वाड बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल हुए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल थे। यह बैठक आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।
ट्रम्प बोले- मोदी बहुत सख्त इंसान हैं
बैठक के दौरान ट्रम्प ने मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “वह बहुत सख्त इंसान हैं।” ट्रम्प ने मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाते समय यह टिप्पणी की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापार, रक्षा और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में सहयोग पर बातचीत जारी है।
6 महीने में दूसरी बार मिले मोदी और ट्रम्प
मोदी और ट्रम्प की छह महीने के भीतर यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले दोनों नेता 17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे। उस समय दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और तकनीक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।
मोदी बोले- क्वाड भारत के लिए भरोसेमंद साझेदारी
क्वाड बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी है। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखने, नई तकनीक और आपदा के समय मदद पहुंचाने जैसे क्षेत्रों में चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं।
मोदी ने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में चारों देशों की कोशिश भरोसेमंद समाधान तैयार करने की है। उन्होंने मनीला और क्वाड के ऐतिहासिक संबंधों का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली मुलाकात मनीला में हुई थी। इसके बाद 2017 में इसी शहर में बातचीत का सिलसिला फिर शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि एक बार फिर इस ऐतिहासिक शहर में क्वाड बैठक होना महत्वपूर्ण है।
मोदी ने यह भी बताया कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। उनके मुताबिक, यह क्वाड के साथ मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।
ट्रम्प बोले- 10 महीने में रेयर अर्थ उत्पादन में चीन की बराबरी करेंगे
बैठक से पहले ट्रम्प ने रेयर अर्थ उत्पादन को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब तक के सबसे बड़े स्तर पर रेयर अर्थ का उत्पादन कर रहा है और अगले 10 महीनों में इस क्षेत्र में चीन की बराबरी कर सकता है।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका अपनी जरूरत की कई चीजों का उत्पादन घरेलू स्तर पर बढ़ा रहा है। उन्होंने भारत और जापान का भी जिक्र करते हुए कहा कि ये दोनों देश भी रेयर अर्थ का उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
समुद्री सुरक्षा और सप्लाई चेन पर क्वाड का जोर
मनीला में हुई बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री मार्गों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, सप्लाई चेन, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। क्वाड देशों का उद्देश्य इन क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाना और क्षेत्र में स्थिरता तथा समृद्धि को मजबूत करना है।
ख़बर दुनिया
अमेरिका में ATC सिस्टम में खराबी, 8 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द; 15 लाख यात्री प्रभावित

America Flight Cancellation: अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर के एयरपोर्ट पर चार घंटे से ज्यादा समय तक उड़ानों पर रोक लगाने का आदेश दिया। इस दौरान 8 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और करीब 15 लाख यात्री प्रभावित हुए।
शुक्रवार रात उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई, जिसके बाद एयरलाइंस ने सेवाएं बहाल करना शुरू किया। हालांकि, उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ने के कारण शनिवार को भी बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। कुछ एयरलाइंस ने यात्रियों को देरी और कैंसिलेशन की आशंका को लेकर अलर्ट किया।
कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी से रुका हवाई यातायात
FAA के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी के बाद विमान संचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एजेंसी ने उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया।
इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कई उड़ानें रद्द हुईं, जबकि कुछ के समय में बदलाव किया गया। रोक हटने के बाद भी विमानों की आवाजाही सामान्य होने में समय लगा।
ट्रम्प ने एयर ट्रैफिक सिस्टम के लिए मांगे 30 अरब डॉलर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देश के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग मांगी है। उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर एरिक श्मिट से फोन पर बात कर कांग्रेस से इस फंडिंग से जुड़ा बिल जल्द पारित कराने का आग्रह किया। प्रस्तावित राशि से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, एयरपोर्ट टावर, टर्मिनल और अन्य जरूरी विमानन ढांचे को अपग्रेड किया जाना है।
वीकेंड तक उड़ानों पर असर रहने की आशंका
शुक्रवार रात उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुए शेड्यूल को सामान्य करने में समय लग रहा है। एयरलाइंस ने शनिवार को भी उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन की आशंका जताई। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने और संबंधित एयरलाइन के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
ख़बर देश8 hours agoBJP-SAD Alliance: पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल: अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान, 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे
ख़बर उत्तरप्रदेश8 hours agoकन्नौज में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 25 घायल
खेल खिलाड़ी4 hours agoवैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक दोहरा शतक: 53 गेंदों में 204 रन ठोककर भारत A को सेमीफाइनल में पहुंचाया, UAE को 7 विकेट से हराया
ख़बर दुनिया7 hours agoबांग्लादेश ने शेख हसीना की वापसी की योजना ठुकराई: 16 दिसंबर को लौटने पर गिरफ्तारी की चेतावनी, सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
ख़बर छत्तीसगढ़3 hours agoChhattisgarh: CM साय ने रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, पेयजल के लिए 134 करोड़ मंजूर
ख़बर मध्यप्रदेश2 hours agoनागपुर की 3.74 करोड़ की लूट के तार बालाघाट से जुड़े, डोरली गांव के खेत में भूसे के ढेर से मिलीं नकदी से भरी 3 बोरियां
ख़बर छत्तीसगढ़2 hours agoभिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनेगा, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर




















